कौशाम्बी हादसा: पंक्चर बनाते समय अज्ञात वाहन ने कुचला, पिकअप चालक समेत चार की मौत
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में हाईवे-19 पर पंक्चर टायर बदलते समय एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पिकअप चालक समेत चार युवकों को कुचल दिया, जिससे चारों की दर्दनाक मौत हो गई
उत्तर प्रदेश: कौशाम्बी जिले में प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे-19) पर मंगलवार आधी रात को एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की जान चली गई।
यह हादसा सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकीपुर में कंगन होटल के सामने उस वक्त हुआ, जब रसूलपुर से चारपाई लादकर उन्नाव की तरफ जा रही एक पिकअप वैन का टायर अचानक पंक्चर हो गया।
गाड़ी का पहिया बदलने के लिए चालक और उसके साथियों ने एक स्थानीय पंक्चर बनाने वाले को बुलाया और सभी मिलकर सड़क किनारे टायर बदलने लगे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने इन चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें: गठबंधन के बीच सपा-कांग्रेस में आर-पार: अखिलेश की यात्रा पर अजय राय का तीखा जवाब
टक्कर इतनी भयानक थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस के जरिए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुँचते ही डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान साबिर, अनवर और एहसान के रूप में हुई है, जबकि चौथे युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन व उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
