मछली भोज विवाद: ‘मुख्यमंत्री के पास कोई फोटो हो तो दिखा दें, मैं इस्तीफा देने को तैयार’-अजय राय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मछली विवाद पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं, उनके पास अगर कोई फोटो हो तो सार्वजनिक करें, मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं।
न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए अजय राय ने कहा,”कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया था। मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं। निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था।”
अजय राय ने कहा, “मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया। मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है। भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं। अगर मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे हैं और उनके पास कोई फोटो है तो दिखा दें। मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं।”
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर साधा निशाना:
सीएम योगी ने कांग्रेस नेताओं के व्यवहार को “दोहरा आचरण” करार दिया और कहा कि वे मंदिर में जाकर “राम-राम” चिल्लाते हैं और बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग करते हैं, लेकिन बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं।
इसे भी पढ़ें: रेड के दौरान मोहाली में ‘नोटों की बारिश’, फ्लैट से फेंके गए 21 लाख के बैग
उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके इस दोहरेपन को देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाता होगा कि मनुष्य के रूप में यह कैसी प्रजाति आ गई है। सीएम ने कहा कि यदि मछली खानी ही थी, तो उसे अयोध्या के बाहर जाकर खाया जा सकता था, लेकिन पवित्र नगरी और सावन के महीने में इस तरह का आयोजन करना सनातन आस्था और परंपरा का अपमान है
क्या है पूरा मामला:
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अयोध्या के दौरे पर थे, जहां तारून इलाके में निषाद समाज द्वारा उनके स्वागत में एक कार्यक्रम और भोजन का आयोजन किया गया था। चूंकि यह आयोजन पवित्र सावन के महीने में और धार्मिक नगरी अयोध्या के भीतर हुआ था, इसलिए भाजपा और कई धार्मिक संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
आलोचकों का आरोप है कि एक तरफ कांग्रेस नेता हनुमानगढ़ी जैसे मंदिरों में दर्शन करने जाते हैं और दूसरी तरफ ऐसे आयोजनों में शामिल होते हैं जहां मांसाहारी भोजन परोसा जाता है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
