अखिलेश यादव का बीजेपी पर वार: “2027 में बदलेगी उत्तर प्रदेश की सरकार”
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में कार्यकर्ताओ से मिलकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला और उसे लोकतंत्र का दुश्मन करार दिया। उन्होंने बीजेपी को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह पार्टी नफरत, भ्रष्टाचार और घूसखोरी को बढ़ावा दे रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के चुनाव में बीजेपी को सबक सिखाएगी और राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार लेकर आएगी।
विकास कार्यों को बेचने का आरोप
अखिलेश यादव ने बीजेपी को एक राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह बताते हुए कहा कि वह नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बीजेपी से सावधान रहने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकनायक को धोखा दिया है और समाजवादी सरकार में बनाई गई सिग्नेचर बिल्डिंग व जेपीएनआईसी जैसी इमारतों को बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। उन्होंने प्लासियो मॉल, किसान बाजार और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट का हवाला देते हुए कहा कि सरकार समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को बर्बाद करना चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले दस साल के शासन में भ्रष्टाचार और बजट की लूट के अलावा कुछ नहीं हुआ है, और हाईवे व एक्सप्रेस-वे निर्माण के साथ-साथ जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों के टूटने से सरकार की कार्यप्रणाली बेनकाब हो गई है।
इसे भी पढ़ें: राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर अखिलेश यादव का तंज
किसान और जनहित के वादे
स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रदेश के हर विभाग में लूट का बोलबाला है और अस्पतालों में मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार खुद कोई काम नहीं करती, बल्कि समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए अनर्गल आरोप लगाती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिष्टाचार बनाए रखते हुए जनता के बीच रहने को कहा और दावा किया कि एसपी और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बढ़ती ताकत से बीजेपी घबराई हुई है।
अखिलेश यादव का कहना है कि मौजूदा सरकार ने किसानों, युवाओं और मजदूरों को धोखा दिया है और बढ़ती महंगाई से हर किसी को परेशान किया है। उन्होंने वादा किया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है, तो वे किसानों के लिए बड़े कदम उठाएंगे, इसमें गन्ना किसानों को सिर्फ 24 घंटे के अंदर उनकी फसल का पैसा देना और सही समय पर खाद, बीज व पानी का इंतजाम करना शामिल होगा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
