छात्रों के समर्थन में मौन अन्ना हजारे, पीएम को पत्र लिख मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

छात्रों के समर्थन में मौन अन्ना हजारे, पीएम को पत्र लिख मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

छात्रों पर हुई लाठीचार्ज कार्रवाई से आहत अन्ना हजारे ने अहिल्यानगर में दो घंटे का मौन प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे व छात्रों से शांतिपूर्ण संवाद की मांग की

 

नई दिल्ली: छात्रों के विरोध प्रदर्शन को अब वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे का भी समर्थन मिल गया है। बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में अन्ना हजारे ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक करीब दो घंटे का मौन आंदोलन किया।

इस दौरान उन्होंने बिना कोई भाषण दिए शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और इसके बाद वे अपने गांव रालेगण सिद्धि लौट गए। अन्ना हजारे ने कहा कि देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक जनता और छात्रों की पीड़ा पहुंचाना उनका कर्तव्य है।

अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को बेहद दुखद बताया। उन्होंने लिखा कि युवाओं का आक्रोश केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि उनके भविष्य और व्यवस्था पर भरोसे से जुड़ा गंभीर सवाल है।

सरकार से संवेदनशील रुख अपनाने और बल प्रयोग के बजाय सीधे बातचीत से समाधान निकालने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के गुस्से का जवाब लाठीचार्ज नहीं हो सकता। इसके अलावा अन्ना हजारे ने यह भी कहा कि यदि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देते हैं तो इससे सरकार कमजोर नहीं होगी, बल्कि सरकार की जवाबदेही तय होगी और जनता का भरोसा बढ़ेगा।

गौरतलब है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में छात्र पेपर लीक, परीक्षा में कथित धांधली और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अभाव को लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा भीड़ को हटाने के लिए किए गए लाठीचार्ज और कई छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।

इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने के बाद छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और तेज कर दी है। अन्ना हजारे द्वारा प्रधानमंत्री तक छात्रों की आवाज पहुंचाए जाने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्र सरकार छात्रों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं