सपा सांसद अफजाल अंसारी पर एक और एफआईआर दर्ज

सपा सांसद अफजाल अंसारी पर एक और एफआईआर दर्ज

गाजीपुर में शस्त्रों के दुरुपयोग और पत्रावली गायब कराने के मामले में सपा सांसद अफजाल अंसारी सहित दो लोगों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है

 

गाजीपुर: समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की खिलाफ पुलिस ने छह दिन की अंदर दूसरी बार FIR दर्ज की है। इस मामले में पूर्व शास्त्र लिपिक प्रेमाशंकर वर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि आईएस-191 मुख्तार अंसारी गिरोह के सदस्यों, सहयोगियों और मुख्तार के परिजनों के शस्त्र लाइसेंसों के सापेक्ष निर्गत शस्त्रों के दुरुपयोग के संबंध में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अफजाल अंसारी के शस्त्र लाइसेंस संख्या 1241/पी 11 से संबंधित शस्त्र लाइसेंस पत्रावली और क्रय-विक्रय संबंधी पत्रावली को गायब करा दिया गया है।

आरोप है कि इसके लिए अफजाल अंसारी ने संबंधित शस्त्र लिपिकों के साथ मिलीभगत कर षड्यंत्र रचा।

इसके अलावा, उक्त लाइसेंस पर दशकों पहले अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के अलोंग कस्बे में एनपीबी राइफल संख्या 86 एबी 1926 और 32 बोर रिवॉल्वर संख्या ए-12741 का क्रय-विक्रय पाया गया।

इन शस्त्रों की पत्रावली और वर्तमान स्थिति का पता न चल पाने के कारण इनका भौतिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है।

एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि शस्त्र लाइसेंस और क्रय-विक्रय संबंधी पत्रावली गायब कराने के इस मामले में अफजाल अंसारी सहित दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आईएस-191 गिरोह के सक्रिय सदस्यों, सहयोगियों, मुख्तार अंसारी के रिश्तेदारों और परिजनों ने 51 शस्त्र लाइसेंसों पर कुल 145 शस्त्रों का क्रय-विक्रय किया है।

विभिन्न शस्त्रों के भौतिक सत्यापन और जांच के बाद मामले की परतें तेजी से खुल रही हैं।

एसपी सिटी ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के अभिलेखागार से मूल पत्रावली और क्रय-विक्रय पत्रावली को गायब कराया गया, ताकि आईएस-191 गैंग के सदस्य इन शस्त्रों का प्रयोग कर वारदातों को अंजाम दे सकें।

बता दें कि शस्त्र लाइसेंसों की पत्रावली गायब कराने के आरोप में पुलिस 22 जुलाई से अब तक छह दिनों के भीतर सपा सांसद अफजाल अंसारी और मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी सहित कुल दस लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है।

सपा सांसद के खिलाफ दर्ज इस दूसरी प्राथमिकी में अरुणाचल प्रदेश के अलोंग जिले में राइफल और 32 बोर रिवाल्वर के क्रय-विक्रय का मामला सामने आया है।

इस सिलसिले में 22 जुलाई को पुलिस ने शास्त्र लिपिक के साथ मिलीभगत कर अभिलेखागार से पत्रावलियां गायब कराने के आरोप में सपा सांसद अफजाल अंसारी, पूर्व शास्त्र लिपिक अशफाक अहमद और तत्कालीन लिपिक गौरी शंकर राम के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई थी।

इसके अगले दिन यानि 23 जुलाई को शहर कोतवाली में मुख्तार अंसारी की पत्नी व 50 हजार की इनामी आफ्शा अंसारी सहित तीन लोगो पर खरीद- फरोख्त की गई रिवॉल्वर की पत्रावली गायब करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद 24 जुलाई को आईएस-191 गिरोह के सहयोगी मोहम्मद शाहिद समेत तीन लोगो की खिलाफ फर्जी पते पर लाइसेंस लेने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि इस मामले में जांच और सत्यापन की कार्रवाई लगातार जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं, पुलिस वैसी ही सख्त कार्रवाई कर रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B