ब्याजखोरी से परेशान ऑटो चालक ने किया सुसाइड दो पर केस दर्ज

ब्याजखोरी से परेशान ऑटो चालक ने किया सुसाइड दो पर केस दर्ज

कर्ज और भारी ब्याज के दलदल से परेशान होकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक ऑटो चालक ने दो सूदखोरों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताते हुए सुसाइड वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है जहां ब्याजखोरी और कर्ज के दलदल से परेशान होकर 48 वर्षीय एक ऑटो चालक ने आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान सुंदर लाल के रूप में हुई है, जो मौजपुर की गली नंबर-6 में अपने परिवार के साथ रहते थे और रात के समय कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास ऑटो चलाया करते थे।

सुंदर लाल ने अपनी जान देने से पहले अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उन्होंने अंकुर और राहुल नाम के दो व्यक्तियों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

इस सुसाइड वीडियो के सामने आने के बाद जाफराबाद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मामले की पृष्ठभूमि में भारी-भरकम ब्याज और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। वीडियो में सुंदर लाल ने खुलासा किया कि उन्होंने राहुल से 30 हजार रुपये और अंकुर से 20 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे।

महज कुछ ही दिनों में आरोपियों ने इस रकम को कई गुना बढ़ा दिया; राहुल ने 30 हजार के बदले 1.20 लाख रुपये बना दिए और रोजाना 2000 रुपये देने का दबाव बनाने लगा, जबकि अंकुर ने 20 हजार की रकम को 70 हजार रुपये में बदल दिया और प्रतिदिन 1500 रुपये की मांग करने लगा।

एक दिन में 3500 रुपये की भारी-भरकम रकम चुकाने में असमर्थ होने और आरोपियों द्वारा लगातार बनाए जा रहे मानसिक दबाव के कारण सुंदर लाल बेहद परेशान हो चुके थे, जिसके चलते उन्होंने मौत को गले लगा लिया। वीडियो में उन्होंने दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

घटना के समय सुंदर लाल घर पर अकेले थे। अमूमन वह रात 10 बजे के बाद ऑटो लेकर निकल जाते थे, जिसके कारण उनकी पत्नी सोनिया रात में पास ही रहने वाले अपने भाई के घर रुकने चली जाती थीं और सुबह लौट आती थीं। 10 जून की रात को भी वह अपने भाई के घर गई थीं लेकिन जब सुबह वापस लौटीं तो उन्होंने पति सुंदर लाल को घर के जाल से फंदे पर लटका पाया।

इस घटना से मृतक के परिवार में जिसमें उनकी पत्नी और एक शादीशुदा बेटी शामिल हैं कोहराम मच गया है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।

फिलहाल पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।