‘हमले से डरे नहीं, विरोध जारी रहेगा’: नागपुर पहुंचे अभिजीत दीपके का बड़ा बयान

‘हमले से डरे नहीं, विरोध जारी रहेगा’: नागपुर पहुंचे अभिजीत दीपके का बड़ा बयान

NEET-UG पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जयपुर में खुद पर हुए हमले के बाद RSS पर आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है

महाराष्ट्र: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद एक बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने साफ किया कि जयपुर में प्रदर्शन के दौरान उन पर जो थप्पड़ मारा गया, उससे वे बिल्कुल भी डरे नहीं हैं।

दीपके ने आरोप लगाया कि इस हमले में शामिल लोगों का संबंध आरएसएस से था। वे नागपुर के संविधान चौक पर नीट (NEET-UG) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए आयोजित एक बड़े प्रदर्शन में शामिल होने आए हैं।

अपने बयान में अभिजीत दीपके ने कहा कि वे गांधी और अंबेडकर को मानने वाले सत्याग्रही हैं, जो इन हमलों से डरने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि जब भी कोई इस सरकार या इनकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो इसी तरह के काम किए जाते हैं।

उन्होंने उन दावों पर भी सवाल उठाया जिनमें कहा गया था कि वे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे और उनके संबंध आरएसएस से थे। दीपके ने पूछा कि अगर ऐसा था, तो फिर उन पर हमला क्यों किया गया?

उनका आरोप है कि इस हमले का मकसद छात्रों के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना था, लेकिन वे अपने मुद्दों से पीछे नहीं हटेंगे और अपना विरोध शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेंगे।

उनका मुख्य मुद्दा यह है कि एक करोड़ से ज्यादा छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।

यह पूरी घटना सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर हुई थी, जहां नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की कमियों और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था।

इस दौरान जब समर्थक दीपके को अपने कंधों पर उठाए हुए थे, तभी भीड़ से आए कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया और एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत दखल देकर संभाला। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों—रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा, कुलदीप सिंह और निकेत को गिरफ्तार किया है।

इस हंगामे के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और लोगों ने भ्रष्टाचार व पेपर लीक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हमले के बाद दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शारीरिक हमला करना डर और बुजदिली की निशानी है।

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी आरोप लगाया कि यह हमला पूरी तरह राजनीति से प्रेरित था और इसमें शामिल आरोपी भाजपा से जुड़े थे।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।