आज़म खान को झटका, विवादित बयान मामले में कोर्ट ने दोषी माना

आज़म खान को झटका, विवादित बयान मामले में कोर्ट ने दोषी माना

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को एक और कानूनी मामले में बड़ा झटका लगा है। रामपुर की विशेष MP/MLA कोर्ट ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके विवादित ‘तंखाइया’ बयान मामले में उन्हें दोषी करार दिया है।

मजिस्ट्रेट ट्रायल शोभित बंसल की अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करते हुए खान को 2 साल की सजा सुनाई है और साथ ही उन पर 5000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यह पूरा मामला लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भोट थाना क्षेत्र में दिए गए एक भाषण से जुड़ा है, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था। आजम खान पर आरोप था कि उन्होंने चुनावी सभा में रामपुर के तत्कालीन जिलाधिकारी (डीएम) को लेकर विवादित, आपत्तिजनक और धमकी भरा बयान दिया था।

उन्होंने अपने भाषण में डीएम पर निशाना साधते हुए कहा था कि ये तनखइया हैं, इनसे मत डरियो, चुनाव जीतने के बाद इनसे जूते साफ कराऊंगा। इस दौरान उन्होंने मायावती का भी जिक्र किया था।

इस आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद आजम खान के खिलाफ हेट स्पीच और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय तक चली सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलें और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद आखिरकार कोर्ट ने उन्हें दोषी पाया।

आजम खान पहले भी कई मामलों में सजा पा चुके हैं और फिलहाल जेल में बंद हैं, ऐसे में इस नए फैसले ने उनकी और उनके परिवार की राजनीतिक व कानूनी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।