विपक्ष की महारैली को सशर्त मंजूरी, पुलिस के कड़े नियम

विपक्ष की महारैली को सशर्त मंजूरी, पुलिस के कड़े नियम

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली के लिए मंजूरी (NOC) दे दी है।

विपक्ष 1 नवंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह प्रदर्शन करने जा रहा है। कांग्रेस के आरोपों के बीच पुलिस ने साफ किया कि रैली पर रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन इसके लिए कुछ कड़ी शर्तें माननी होंगी।

शर्तों के मुताबिक, रैली सिर्फ शाम 5 बजे तक चलेगी, मैदान में रात रुकने की इजाजत नहीं होगी, भड़काऊ भाषणों पर पाबंदी रहेगी और मैदान के बाहर किसी भी तरह का मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

14 ज़ोन, 3500 जवान और कड़े सुरक्षा इंतजाम

दिल्ली पुलिस ने विपक्ष की रैली के लिए कड़े नियम बनाए हैं, जिसके तहत पूरे रामलीला मैदान को 14 ज़ोन में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए वहां 3500 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात रहेंगी।आयोजकों को मैदान के सभी गेटों, मंच और बैठने की जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे और निगरानी के लिए 5 मॉनिटर वाला कंट्रोल रूम बनाना होगा।

मैदान में पीने के पानी और महिलाओं के लिए अलग टॉयलेट का इंतजाम करना जरूरी है। रैली के वॉलंटियर्स को एक जैसी ड्रेस या बैज पहनना होगा। जाति या धर्म के नाम पर भड़काऊ भाषण देने, हिंसा करने या मैदान से बाहर मार्च निकालने पर पूरी रोक है।

अगर कोई भड़काऊ भाषण देता है, तो आयोजकों को तुरंत माइक बंद करके उसे मंच से हटाना होगा। इसके अलावा, आयोजकों को मेहमानों, वॉलंटियर्स और आने वाली बसों की लिस्ट गाड़ियों के नंबर के साथ पुलिस को देनी होगी। सभी गाड़ियां ट्रैफिक पुलिस की तय जगह पर ही पार्क की जाएंगी और नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई होगी।

एडीसीपी और एसीपी संभालेंगे हर जोन की कमान

जानकारी के मुताबिक, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) रैंक के सीनियर अधिकारी हर एक सुरक्षा जोन की निगरानी करेंगी।

यही नहीं, जंतर-मंतर प्रदर्शन में हुए उपद्रव को देखते हुए यहां पर तैनात पुलिस कर्मियों को बॉडी-वर्न कैमरों (वर्दी पर लगे कैमरे) से लैस किया जाएगा, ताकि, हुड़दंग या पुलिस के साथ बदसलूकी की घटना को रिकॉर्ड किया जा सके।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।