बदायूं हादसा: रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा रौंदा 6 की मौत

बदायूं हादसा: रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा रौंदा 6 की मौत

बदायूं में हाईवे पर रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों की टक्कर से ई-रिक्शा सवार छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए

उत्तर प्रदेश:   बदायूं जिले में उझानी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कछला और उझानी के बीच हाईवे पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, भूलपुर क्षेत्र में हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टरों ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दो गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मरने वाले सभी लोग ई-रिक्शा में सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और सीओ उझानी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने लापरवाही से रेस लगा रहे दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया है और फरार चालकों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।