‘चांद मेरा दिल’ ट्रोलिंग: असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने किया अनन्या पांडे का बचाव
अनन्या पांडे को सोशल मीडिया पर भरतनाट्यम करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है। इस बीच फिल्म की एक असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने अनन्या पांडे का बचाव किया है।
मुंबई: फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ की लीड एक्ट्रेस अनन्या पांडे को फिल्म में भरतनाट्यम करने की कोशिश करने के लिए लगातार ट्रोल किया जा रहा है।
हालांकि इस पूरे मामले पर खुद अनन्या पांडे और फिल्म के मेकर्स ने अभी तक चुप्पी साध रखी है, मगर गाने की असिस्टेंट कोरियोग्राफर अनन्या कुरुप ने इस पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और एक्ट्रेस का बचाव किया है।
असिस्टेंट कोरियोग्राफर अनन्या कुरुप ने सोशल मीडिया पर अनन्या पांडे के साथ सेट के पीछे की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। जब एक्ट्रेस को इस डांस के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा, तो कुरुप ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा कि अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर किसी क्लासिकल आर्ट फॉर्म को आजमाने के लिए हिम्मत और लगन की जरूरत होती है।
उन्होंने आगे लिखा कि भरतनाट्यम एक ऐसी चीज है जिसके लिए डांसर वर्षों तक ट्रेनिंग लेते हैं ताकि वे इसकी अदा, हाव-भाव और तकनीक में माहिर हो सकें। अनन्या ने बहुत कम समय में सच्ची मेहनत और कोशिश की है, जिसकी तारीफ होनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
कुरुप ने अपने नोट के आखिर में लोगों से अपील की कि वे उन कलाकारों का हौसला बढ़ाएं जो खुद को चुनौती देकर अपना सबसे अच्छा देने की कोशिश करते हैं, न कि उन्हें नीचा दिखाएं।
दरअसल, ‘चांद मेरा दिल’ में अनन्या के किरदार चांदनी को भरतनाट्यम फ्यूजन डांस के साथ पेश किया गया है। फिल्म में यह सीन इंजीनियरिंग कॉलेज के पहले दिन का है। फिल्म के मुख्य अभिनेता लक्ष्य का किरदार ‘आरव’ शुरू में इस बात से अनजान होता है कि आगे क्या होने वाला है।
जब चांदनी अपना भरतनाट्यम शुरू करती है, तो आरव उसे जज करता है, लेकिन जैसे ही वह मॉडर्न बीट पर थिरकना शुरू करती है, आरव उससे काफी प्रभावित हो जाता है। फिल्म में यहीं से उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत होती है।
विवेक सोनी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ दो स्टूडेंट्स की कहानी है, जो 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म में अनन्या पांडे और लक्ष्य के अलावा परेश पाहुजा, मनीष चौधरी, इरावती हर्षे और चारू शंकर भी अहम किरदारों में नजर आए हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
