सीएम योगी का गाजीपुर दौरा, 2027 चुनाव का शंखनाद

सीएम योगी का गाजीपुर दौरा, 2027 चुनाव का शंखनाद

राजनितिक अखाड़े में गाजीपुर के उस ऐतिहासिक मैदान से चुनावी बिगुल फूंक दिया गया है, जहां दशकों से सर्वोच्चता की लड़ाई लड़ी जा रही है

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहम्मदाबाद में अफजाल-मुख्तार अंसारी के आवास (फाटक) से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित यूसुफपुर मंडी समिति के मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है।

मंडी समिति के मैदान में भाजपा की यह पहली सभा थी। इस सभा के जरिए मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जनपद की सभी सातों सीटों पर हार का सामना करने के बाद, इस बार भाजपा यहां की सभी सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह गंभीर और आक्रामक रणनीति के साथ उतर रही है।

भाजपा विधायक दिवंगत कृष्णानंद राय सहित सात भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के बाद से ही मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट हर चुनाव में पार्टी की प्रतिष्ठा का केंद्र बन जाती है।

मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो यहां 1984 से लगातार इस परिवार का प्रभाव रहा है।

इस सीट पर पांच बार अफजाल अंसारी, दो बार उनके बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी और 2022 के चुनाव में सिबगतुल्लाह अंसारी के पुत्र सुहैब अंसारी विधायक चुने गए।

वर्ष 2012 के चुनाव में कौमी एकता दल के टिकट पर सिबगतुल्लाह अंसारी 66,922 वोट पाकर विजयी रहे थे, जबकि समाजवादी पार्टी के राजेश राय 59,589 वोट पाकर दूसरे स्थान पर थे।

इसके बाद 2017 के चुनाव में दिवंगत कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने 1,22,156 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की, और बसपा उम्मीदवार सिबगतुल्लाह अंसारी 89,429 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।

वर्ष 2022 के चुनाव में एक बार फिर मुकाबला भाजपा उम्मीदवार अलका राय और सपा प्रत्याशी सुहैब अंसारी के बीच हुआ।

इस चुनाव में सुहैब अंसारी ने 1,11,443 वोट पाकर जीत हासिल की, जबकि अलका राय को 92,684 वोट मिले।

उस समय सपा और सुभासपा ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था।

हालांकि, मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर अब एनडीए का हिस्सा हैं और भाजपा के साथ हैं, जिसके चलते भाजपा 2027 के चुनाव में गाजीपुर की सभी सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B