‘3 इडियट्स’ के फुंसुख वांगडू पर आमिर खान और ओमी वैद्य के दावों में विरोधाभास

‘3 इडियट्स’ के फुंसुख वांगडू पर आमिर खान और ओमी वैद्य के दावों में विरोधाभास

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बीच अभिनेता आमिर खान ने स्पष्ट किया है कि उनकी फिल्म ‘3 इडियट्स’ का फुंसुख वांगडू किरदार उन पर आधारित नहीं था, जबकि सह-कलाकार ओमी वैद्य ने दावा किया है कि यह किरदार वांगचुक से ही प्रेरित था

 

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। इस बीच, फिल्म ‘3 इडियट्स’ में उनके किरदार से जुड़ी चर्चाओं पर अभिनेता आमिर खान ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आमिर खान ने स्पष्ट किया कि फिल्म का लोकप्रिय किरदार ‘फुंसुख वांगडू’ सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। उन्होंने बताया कि जब फिल्म की पटकथा तैयार की जा रही थी और फिल्म बनाई जा रही थी, तब न तो वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक के बारे में जानते थे।

इसके साथ ही आमिर खान ने वांगचुक द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों की सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने के साथ-साथ अनशन समाप्त करने की कामना भी की।

दूसरी तरफ, इसी फिल्म में ‘चतुर’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक वीडियो जारी कर अलग दावा किया है। ओमी वैद्य का कहना है कि फुंसुख वांगडू का किरदार वास्तव में सोनम वांगचुक से ही प्रेरित था।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे वांगचुक के जीवन और उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों के बारे में विस्तार से जानें।

वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए ओमी ने कहा कि वह किसी भी हाल में यह नहीं देखना चाहते कि “फुंसुख वांगडू” जैसी प्रेरणादायक शख्सियत भूख हड़ताल के कारण अपनी जान गंवा दे।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।