मुस्लिम पति को लव जिहाद के मामले में झूठा फसाने का रचा षड्यंत्र, ऐसे खुली पोल

मुस्लिम पति को लव जिहाद के मामले में झूठा फसाने का रचा षड्यंत्र, ऐसे खुली पोल

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक महिला द्वारा अपने मुस्लिम पति को ‘लव जिहाद’ के झूठे मामले में फंसाने की एक बड़ी साजिश और जाल का भंडाफोड़ किया है।

आपसी कलह और तलाक के बाद बदले की भावना से रची गई इस झूठी कहानी की पोल उस वक्त खुल गई, जब यूपी पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने पति आरिफ से बदला लेने और कानूनी पचड़े में फंसाने के लिए अपने रिश्तेदारों की मदद से लव जिहाद और जबरन धर्म परिवर्तन का झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी।

प्रेम विवाह से लेकर तलाक और चोरी तक का सफर:

यह पूरा मामला दिल्ली के मयूर विहार इलाके से जुड़ा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आगरा की रहने वाली एक महिला की मुलाकात दिल्ली के मयूर विहार के रहने वाले आरिफ नाम के युवक से एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

महिला को आरिफ के धर्म और समुदाय के बारे में पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद दोनों ने आपसी सहमति से हिंदू और मुस्लिम दोनों पद्धतियों से शादी रचाई थी। उन्होंने मंदिर में भी फेरे लिए और मौलाना के सामने निकाह की रस्म को भी पूरा किया था।

शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा और उनकी एक सवा साल की बेटी भी है। हालांकि, बाद में दोनों के बीच गंभीर पारिवारिक कलह शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सितंबर 2025 में दोनों ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से कानूनी रूप से तलाक ले लिया।

तलाक होने के बाद महिला अचानक अपने पति आरिफ के घर से सवा साल की बच्ची, ₹70,000 की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और घर का जरूरी सामान चोरी करके फरार हो गई। आरिफ ने इस संबंध में दिल्ली के मयूर विहार थाने में अपनी पत्नी के खिलाफ चोरी की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पहली शादी छुपाने और ‘लव जिहाद’ की धमकी का पर्दाफाश

पुलिस की तफ्तीश में महिला का एक और बड़ा राज खुला। आरिफ से निकाह करने से पहले ही महिला के माता-पिता उसकी शादी एक हिंदू व्यक्ति से करा चुके थे। महिला ने अपनी इस पहली शादी की बात आरिफ से पूरी तरह छुपाकर रखी थी। जब आरिफ को इस बात की भनक लगी, तो दोनों के बीच विवाद चरम पर पहुंच गया।

चोरी के मामले और अपनी पहली शादी का राज खुलने से बौखलाई महिला ने आरिफ को सबक सिखाने की ठान ली। उसने अपने कुछ करीबियों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर एक खतरनाक स्क्रिप्ट तैयार की। उसने आरिफ पर अपनी पहचान छुपाकर शादी करने (लव जिहाद) और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का झूठा

आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के एटा जिले के आवागढ़ थाने में एक शिकायत पत्र दे डाला। महिला का मकसद उत्तर प्रदेश के कड़े धर्मांतरण विरोधी कानून का फायदा उठाकर पति को जेल भिजवाना था।

“क्षेत्र से बाहर का मामला, साज़िश की जांच जारी”

इस हाई-प्रोफाइल मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. इलामारन जी ने बताया, “आवागढ़ थाने में एक महिला द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोप लगाने वाली महिला मूल रूप से आगरा की है, जबकि उसका पति आरिफ दिल्ली के मयूर विहार का रहने वाला है। पूरी घटना और विवाद का स्थल भी दिल्ली ही है। आरिफ और उसके परिवार वाले करीब 20 साल पहले ही एटा के इस क्षेत्र से अपनी संपत्ति बेचकर दिल्ली जा चुके हैं। चूंकि घटना स्थल हमारे अधिकार क्षेत्र का नहीं है, फिर भी महिला के दावों और इसके पीछे के झूठे षड्यंत्र की गहनता से जांच की जा रही है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।”


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।