धर्मेंद्र प्रधान ‘अपराधी मंत्री’, प्रदर्शनकारियों पर चलीं पैलेट गन: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, प्रदर्शनकारी छात्रों पर हिंसा करने वालों पर कार्रवाई और प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की है
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला।
10 जनपथ के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र प्रधान एक ‘अपराधी शिक्षा मंत्री’ हैं और देश की शिक्षा व्यवस्था के पतन के प्रतीक बन चुके हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और आज देश भर में जो छात्र सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, उसके जिम्मेदार सीधे तौर पर शिक्षा मंत्री ही हैं, इसलिए उन्हें तुरंत उनके पद से हटाया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: युवाओं की एकता से झुकी सरकार, अब E20 के खिलाफ भी होना होगा एकजुट: केजरीवाल
छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए राहुल गांधी ने विपक्ष और युवाओं की तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, दूसरी शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और छर्रे वाली (पैलेट) बंदूकें चलाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, और तीसरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रभावित युवाओं से माफी मांगना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नीट और पुलिस भर्ती जैसी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है, जहां पैसे वाले लोग लाखों रुपये में पेपर खरीद लेते हैं। राहुल गांधी ने घायल छात्रों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों पर हमले और उन्हें डराना बंद कर इन मांगों को तुरंत पूरा करना चाहिए।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
