फिरोजाबाद कांड: पीड़ित मां रति ने हत्यारे को फांसी देने की मांग की
फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटक कर मार डाला, जिसके बाद पीड़ित मां ने अपने पति और ससुरालवालों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए हत्यारे के लिए फांसी की सजा की मांग की है
उत्तर प्रदेश: फिरोजाबाद के बामई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे आरव की बेरहमी से हत्या के बाद गहरे सदमे और गुस्से में है।
पीड़ित मां रति का कहना है कि उसके बेटे के हत्यारे को फांसी की सजा होनी चाहिए और अगर कोई उसे सजा नहीं दे पा रहा है, तो उसे उनके हवाले कर देना चाहिए ताकि वे उसे खुद सजा दे सकें।
हत्या का आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक, रति से एकतरफा प्यार करता था। घटना के बाद पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह स्ट्रेचर पर लेटा पुलिसकर्मियों से पानी मांग रहा है।
इस दुखद घटना को लेकर रति और उसकी मां पिंकी ने अपने ससुरालवालों पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। रति की शादी 18 फरवरी, 2024 को बदायूं के सुनीत से हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह जनवरी, 2025 से अपने मायके बामई में रह रही थी।
डेढ़ साल के आरव का जन्म भी यहीं हुआ था। रति ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह यादव कॉलोनी में अपनी एक घायल सहेली पुष्पलता पाठक से मिलने गई थी। इसी दौरान उसके पति की बुआ का बेटा विराज वहां पहुंचा और बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपनी गोद में ले गया, लेकिन बाद में उसने बच्चे की हत्या कर दी और शव को घर के गेट पर छोड़कर भाग गया।
पीड़ित मां ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे और बच्चे को जान से मारने की बात कहते थे। उसका पति सुनीत आरव को अपना बेटा मानने से इनकार करता था और डीएनए टेस्ट कराने की मांग करता था।
इसे भी पढ़ें: बारिश की भेंट चढ़ा पहला टी20, अब 4 जुलाई को मैनचेस्टर में भिड़ेंगे भारत-इंग्लैंड
रति के अनुसार, जब उसने अपने पति को बेटे की मौत की खबर दी, तो उसने कहा कि निशाने पर तो रति और उसका परिवार था, लेकिन वे आरव को मार बैठे।
मायके आने के बाद से विराज लगातार रति के पीछे पड़ा था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जिसमें नाकाम रहने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। रति की मां पिंकी का कहना है कि विराज उन्हें धोखा दे रहा था और वह ससुराल वालों के साथ मिला हुआ था।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी विराज बेरहमी से मासूम बच्चे को सड़क पर लगातार आठ बार पटकते हुए दिख रहा है।
इसके बाद वह बच्चे के शव को उठाकर चारों तरफ देखता है और फिर उसे घर के बाहर छोड़कर भाग जाता है। शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विराज भूढ़ा भरथरा मोड़ के पास छिपा है।
जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में चलाई गई गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा और पांच जिंदा कारतूस बरामद कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और सीओ अमरीश कुमार ने बताया कि आरोपी महिला से जबरन शादी करना चाहता था और उसे लगता था कि बच्चा उनकी शादी के बीच में रुकावट है, इसी वजह से उसने बच्चे को निशाना बनाकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
