कांग्रेस में घर वापसी करेंगे पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टेन अमरिंदर सिंह

कांग्रेस में घर वापसी करेंगे पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टेन अमरिंदर सिंह

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह का अब भारतीय जनता पार्टी से मोह भंग हो गया है और वे जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैप्टेन की कांग्रेस में वापसी को लेकर अटकलें तेज हो गयी हैं और कहा जा रहा है कि कैप्टेन अमरिंदर सिंह निरंतर राहुल गांधी के सम्पर्क में बने हुए हैं।

इन अटकलों को बल तब मिला, जब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब BJP का नया अध्यक्ष बनाए जाने के पार्टी हाईकमान के फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से फैसले से अपनी नाराजगी जताई थी और आलोचना भी की थी।

इतना ही नहीं, कैप्टन पंजाब BJP के नए अध्यक्ष के केवल सिंह ढिल्लो के आधिकारिक रूप से पद ग्रहण करने के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने चले गए। जी हां, बीते दिन 6 जून को दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी।

इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने बीजेपी के शीर्ष नेताओं को अपनी नाराज़गी और अपने फैसले से अवगत करा दिया है। याद दिला दें कि पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस का साथ दशकों पुराना है।

2021 में नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विवाद और कांग्रेस आलाकमान से मतभेदों के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ नाम की अपनी अलग पार्टी बना ली थी। बाद में सितंबर 2022 में उन्होंने अपनी पार्टी का भाजपा (BJP) में विलय कर दिया था।

दरअसल, पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव दूर नहीं हैं। ऐसे में राज्य के राजनीतिक समीकरण बहुत तेजी से बदल रहे हैं। कैप्टन भले ही वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन भाजपा में उन्हें वह ‘फ्री-हैंड’ नहीं मिल पा रहा है जिसके लिए वह जाने जाते हैं।

हालांकि, अभी तक न तो कांग्रेस आलाकमान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रस्ताव आया है और न ही कैप्टन ने खुलकर भाजपा छोड़ने का एलान किया है लेकिन राजनीति में संभावनाओं के द्वार कभी बंद नहीं होते।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।