मानसून सत्र का चौथा दिन: हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन भी बीते तीन दिनों की तरह विपक्षी हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई है
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन परीक्षा पेपर लीक और राजनीतिक बयानों को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
संसद परिसर के मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों ने नीट पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं।
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने नियम 267 के तहत नोटिस देकर परीक्षा प्रणाली में संकट और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर तत्काल चर्चा की मांग की, जबकि मनीष तिवारी ने दल-बदल विरोधी कानून पर चर्चा के लिए नोटिस दिया।
इसे भी पढ़ें: ईरान की बड़ी स्ट्राइक: कुवैत में चीनी फर्म पर मिसाइल हमला, एक कर्मचारी की मौत
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने भी मकर द्वार पर जवाबी प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दो महिला सांसदों पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के निलंबन और हाल ही में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के धरने के विरोध में था।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार नीट मामले पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष शर्तें रखकर इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सरकार हर मामले की निष्पक्ष जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के लिए प्रतिबद्ध है ताकि कोई भी दोषी बच न सके। वहीं, विपक्ष का आरोप है कि सरकार छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी और विपक्ष पर सदन की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
