गुजरात निकाय चुनाव 2026: 15 निगमों और हजारों सीटों पर ‘फैसले की घड़ी’, सुबह से मतगणना जारी
गुजरात: गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। सुबह 8 बजे से राज्यभर के 382 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है। इसे 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले जनता का ‘फाइनल वर्डिक्ट’ माना जा रहा है।
गुजरात में हुए बड़े पैमाने पर स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मंगलवार को राज्यभर में निर्धारित मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है, जिसके बाद दिन में ही परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न कराई जाएगी। अहमदाबाद में एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात कॉलेज जैसे केंद्रों पर मतगणना होगी। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं।
इस चुनाव में कुल 15 नगर निगम, 84 नगरपालिकाएं, 34 जिला पंचायतें और 260 तालुका पंचायतें शामिल हैं। यानी राज्य में 9,000 से अधिक सीटों का भविष्य इस मतगणना से तय होगा। अप्रैल में हुए मतदान के बाद यह राज्य के सबसे बड़े जमीनी स्तर के चुनावी मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। आयोग के अनुसार, इस चुनाव में 32,748 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से 26,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में बने रहे। कई सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत में अंतर देखने को मिला-
नगर निगमों में: 49.02%
नगरपालिकाओं में: 59.50%
इसे भी पढ़ें: ‘क्या दिवालिया होने के कगार पर है बिहार?’ पेंशन के लिए इमरजेंसी फंड से ₹3,662 करोड़ निकालने पर भड़के तेजस्वी
जिला पंचायतों में: 61.69%
तालुका पंचायतों में: 62.38%
ग्रामीण इलाकों में शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक मतदान दर्ज किया गया।
इन चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ निर्दलीय और छोटी पार्टियों ने भी हिस्सा लिया। वोटिंग हजारों मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के जरिए कराई गई थी।
महानगरपालिका सूरत से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी पायल सकारिया ने कहा कि 2021 में जनता ने हमें विपक्ष की भूमिका सौंपी थी। लगातार पांच साल जनता का समर्थन मिलता रहा। इस चुनाव में जनता से सपोर्ट मिला, उससे यही कहा जा सकता है कि लोग परिवर्तन के लिए तैयार थे। जनता ने परिवर्तन के लिए वोट किया है।
महानगरपालिका सूरत से भाजपा उम्मीदवार दीनानाथ महाजन ने कहा कि वार्ड नंबर 23 की जनता ने आशीर्वाद दिया है। बीते 30 साल से भाजपा विकास कर रही है। विकास के मुद्दे पर ही जनता हमें वोट देती है। उन्होंने कहा कि सूरत महानगरपालिका की 120 सीटों में सारी सीट भाजपा जीतने वाली है। महानगरपालिका सूरत से कांग्रेस प्रत्याशी अमित धानाणी ने कहा ‘मैं मेयर के खिलाफ चुनाव लड़ रहा हूं। बीते पांच साल में भाजपा ने जो भ्रष्टाचार किया है, उससे जनता ने कांग्रेस को जिताने का मन बनाया है।’
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
