चेन्नई पहुंचे इंडिया गठबंधन के नेता स्टालिन से करेंगे बात

नई दिल्ली: परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन करने के डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के फैसले को लेकर इंडिया गठबंधन ने विशेष गंभीरता दिखाई है। नतीजतन डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी नेता शरद पवार से मुलाकात करने और उन्हें अपने फैसले पर एक बार विचार करने के अनुरोध के लिए इंडिया गठबंधन के नेता चेन्नई पहुंच चुके हैं। इसके बाद इंडिया गठबंधन के नेता मुंबई में शरद पवार से मुलाकात करेंगे।

इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश के एक्स पर एक पोस्ट ने सस्पेंस पैदा कर दिया है। जयराम रमेश ने परिसीमन बिल को लेकर एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा “पिक्चर अभी बाकी है ब्रो”।

बता दें कि लोकसभा की बैठक कल यानि 30 नवंबर को होगी वहीं राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से होगी। संसद का विशेष सत्र तीन दिसंबर को समाप्त होगा।

दरअसल केंद्र सरकार जिस परिसीमन बिल की बात कर रही है उसमे संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। विधेयक में राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है।

चेन्नई पहुंचे इंडिया गठबंधन के नेता:

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और सांसद कनिमोझी के साथ अपने आवास पर पहुंच गए हैं। यहां वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी की अगुवाई वाले ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ चेन्नई के ट्राइडेंट होटल पहुंच चुके हैं। इस बैठक को आगामी राजनीतिक रणनीति और विपक्षी एकजुटता के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां शीर्ष नेतृत्व के बीच विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात करना और उनसे इस बिल को समर्थन देने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करना है। राजनीतिक हलकों में संसद में बिल पेश होने से ऐन पहले हो रही इस बैठक को विपक्षी गठबंधन को एकजुट रखने की एक आखिरी और बेहद महत्वपूर्ण कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता चेन्नई के ट्राइडेंट होटल से डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के घर के लिए निकल चुके हैं। सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही इस अहम बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के डीएमके के फैसले पर बातचीत करना है।

क्या स्टालिन मानेंगे कांग्रेस की बात:

इस बीच कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सपा सांसद राजीव राय, तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी एवं अभिषेक बनर्जी सहित कई बड़े नेता चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर परिसीमन बिल पर उन्हें समझाने की कोशिश करेंगे।

परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन करने को लेकर डीएमके का साफ़ कहना है कि यदि इस बिल से तमिलनाडु का कोई अहित नहीं होता तो उनकी पार्टी सरकार का समर्थन करने को तैयार है। फ़िलहाल देखना है कि इंडिया गठबंधन के नेताओं से डीएमके नेताओं की बातचीत के बाद क्या डीएमके के सुर बदलते हैं ?


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.