850 सीटों के प्रस्ताव पर राहुल गांधी की चेतावनी, बोले- यह देश में तानाशाही लाने का खतरनाक प्लान
नई दिल्ली: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परिसीमन के बहाने लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 करना भारतीय लोकतंत्र को समाप्त करने और उसकी हत्या करने जैसा कदम है। उन्होंने मांग की कि लोकसभा की सीटें 543 ही बरकरार रखी जाएं और इसी मौजूदा संख्या के आधार पर महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट डालने वाले 14 करोड़ मतदाताओं को चुनाव आयोग ने अवैध करार दिया है, जिससे यह साबित होता है कि 2024 का चुनाव ही अवैध था। उन्होंने देश में वर्षों से वोट चोरी होने का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार को भी इसमें शामिल बताया।
परिसीमन से चुनावी नक्शा बदलने का आरोप
राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके पास ज्ञानेश कुमार के बारे में काफी जानकारी है और वे उन पर आगे भी खुलासे करेंगे। उनके अनुसार, जब वोट चोरी पर खुलासे के बाद वह रास्ता बंद हो गया, तो भाजपा अब असम और जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा अपने हिसाब से बदलकर बिना मेहनत लाभ लेने का नया रास्ता बना रही है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परिसीमन आयोग के सदस्यों का चयन इस प्रकार होगा कि उस पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह का नियंत्रण रहे, और 2011 की जनगणना को आधार बनाने से अगले 40 वर्षों तक एससी-एसटी की सीटें नहीं बढ़ेंगी, जिससे एससी-एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यकों के अधिकार खत्म होंगे।
इसे भी पढ़ें: महिला आरक्षण बिल पर बोले संजय निषाद, “महिला आरक्षण बिल पर सालों बाद यह अवसर”
2024 का लोकसभा और वाराणसी चुनाव हारने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला आरक्षण या जाति जनगणना से कोई मतलब नहीं है, और युवाओं तथा जेन-जी को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 850 सीटों का यह प्रस्ताव उनके भविष्य, लोकतंत्र और देश को खत्म करने तथा तानाशाही लाने की कोशिश है, जिसे वे सफल नहीं होने देंगे।
डीएमके और शरद पवार की पार्टी के रुख से जुड़े सवाPल पर राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई किसी पक्ष या विपक्ष की नहीं, बल्कि देश को बचाने की है। उन्होंने चंद्रबाबू नायडू और जगनमोहन रेड्डी सहित सभी नेताओं से अपील की कि वे देशहित में एक साथ आगे आएं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी चाहे जितनी भी कोशिश कर ले या कितने ही चुनाव जीत ले, लेकिन एक दिन उसकी हार तय है, क्योंकि आम जनता के बीच गुस्सा लगातार बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं।
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










