केजरीवाल का दावा: भारत में इंस्टा अकाउंट ब्लॉक, मेटा पर पीएम के आगे झुकने का आरोप
अरविंद केजरीवाल ने भारत में अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित होने का दावा करते हुए मेटा पर PM मोदी के सामने झुकने का आरोप लगाया है
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट बिना किसी स्पष्टीकरण के प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इस संबंध में उन्होंने मेटा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने ‘झुकने’ का गंभीर आरोप लगाया है और कंपनी से ऐसा न करने का आग्रह किया है।
पीएम के सामने इतना न झुकें: केजरीवाल
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी मेटा से उनके अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर तीखे सवाल पूछे हैं।
उन्होंने मेटा पर तंज कसते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इतना न झुकें। केजरीवाल का यह भी मानना है कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के इशारे पर की गई हो सकती है।
अकाउंट प्रतिबंध पर उठाए सवाल
इसे भी पढ़ें: झालावाड़ में कांग्रेस का ‘पंजा’ भारी, जयपुर-उदयपुर के बड़े निगमों में बीजेपी ने बनाई बढ़त
अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पोस्ट में सीधे तौर पर मेटा इंडिया से पूछा कि आखिर उनका अकाउंट क्यों प्रतिबंधित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मेटा के भारत कार्यालय में मौखिक पूछताछ की, तो उन्हें पता चला कि उनका अकाउंट भारत में ब्लॉक है, लेकिन वहां मौजूद कोई भी अधिकारी न तो इस प्रतिबंध का कारण बता पा रहा है और न ही यह समझा पा रहा है कि इसे कैसे हटाया जा सकता है।
मेटा को केजरीवाल ने भेजा ईमेल
आप संयोजक ने आगे बताया कि इस पाबंदी के संबंध में मेटा को जितने भी ईमेल भेजे गए, उनमें से किसी का भी स्पष्ट जवाब नहीं मिला और केवल ऑटो-जनरेटेड सामान्य संदेश ही प्राप्त हुए।
उन्होंने मेटा की इस कार्यप्रणाली को ‘बहुत खराब’ करार दिया। केजरीवाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मेटा प्रधानमंत्री के सामने इसी तरह झुकती रही, तो ऐसी स्थिति में वह भारत में केवल अपना ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे। फिलहाल, मेटा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
