विधायक बनते ही चढ़ने लगा रंग, पिता पर लगे ज़मीन कब्ज़ा करने के आरोप

विधायक बनते ही चढ़ने लगा रंग, पिता पर लगे ज़मीन कब्ज़ा करने के आरोप

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर तथा उनके पिता रमेश ठाकुर विवादों में घिर गए हैं।

क्षेत्र के ग्रामीणों ने उन पर सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्तों और निजी भूखंडों पर अवैध रूप से कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने अंचल अधिकारी (CO) से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला?यह पूरा विवाद दरभंगा जिले के तारडीह अंचल के अंतर्गत आने वाली पोखरभिंडा पंचायत से जुड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर द्वारा स्थानीय स्तर पर जमीन अधिग्रहण और निर्माण कार्यों के दौरान नियमों की अनदेखी की जा रही है।

शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस निर्माण प्रक्रिया के चलते आम जनता और किसानों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन के प्रति भी रोष देखा जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज तक जाने वाली मुख्य संपर्क सड़क, जो खेतों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, उस पर निर्माण कार्य कराकर आवागमन बाधित कर दिया गया है। इसके अलावा, स्थानीय ‘तिवारी बाबा स्थान’ और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर भी अनुचित दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।

स्थानीय निवासी गगन कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनकी करीब तीन कट्ठा निजी जमीन में से 14 धूर हिस्से पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई है, जिससे उनके बाग-बगीचे तक जाने का रास्ता बंद हो गया है। इसी तरह रामउदार मिश्र नामक एक अन्य ग्रामीण ने भी उनकी 15 धूर जमीन पर बिना उचित अदला-बदली या मुआवजा दिए कब्जा करने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों की शिकायत है कि तालाब से निकलने वाले निकास नाले को पाटकर वहां निर्माण कर दिया गया है, और आसपास के इलाकों में मिट्टी की कटाई से अन्य रैयतों की जमीनें भी खतरे में पड़ गई हैं।

मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। प्रभारी अंचलाधिकारी (CO) आलोक कुमार ने मीडिया को जानकारी दी है कि ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दे दिए हैं और दोनों पक्षों को जनता दरबार में नोटिस भेजकर उनका पक्ष सुनने की बात कही है।

वहीं, दूसरी ओर विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जिन लोगों से जमीन से जुड़े समझौते हुए हैं, नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने प्रशासनिक जांच रिपोर्ट आने तक थोड़ा इंतजार करने की बात कही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।