अमित शाह सदन में आकर दें बयान,मल्लिकार्जुन खरगे का केंद्र पर बड़ा हमला
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और विशेष तौर पर गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों पर हुए अन्याय और अन्य गंभीर मुद्दों पर सदन में चर्चा से भाग रही है और गृह मंत्री सदन में आकर बयान देने से बच रहे हैं।
’17 दिनों से कर रहे हैं मांग, सदन की अनदेखी कर रही सरकार’
मीडिया से बातचीत करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष की केवल एक ही प्रमुख मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में आएं और इस विषय पर अपनी बात रखें।
उन्होंने कहा, “हम पिछले 17 दिनों से पूरी कोशिश कर रहे हैं कि गृह मंत्री सदन में आएं और बच्चों पर हुए अन्याय के मुद्दे पर अपना बयान दें। लेकिन सरकार इस मांग को लगातार अनदेखा कर रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि जनता द्वारा चुनकर भेजे गए सदन और उसके सदस्यों का अपमान किया जा रहा है।”
इसे भी पढ़ें: अर्जुन हत्याकांड का मुख्य आरोपी अर्पित मुठभेड़ में ढेर होने से बचा, हथियार बरामद
‘चर्चा चाहते हैं हम, लेकिन सरकार के पास जवाब नहीं’
राज्यसभा के बार-बार स्थगन और संसद के सुचारू रूप से न चल पाने के लिए उन्होंने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराया।
खरगे ने दो टूक शब्दों में कहा, “हम तो सदन में हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा चाहते हैं, लेकिन वे (सरकार) बयान नहीं देना चाहते क्योंकि उनके पास इन सवालों के कोई जवाब नहीं हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद नहीं चाहती कि सदन शांतिपूर्ण तरीके से चले, और संसद के कामकाज के बाधित होने की पूरी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
