किसी दल से गठबंधन नहीं करेंगी मायावती, 3 राज्यों में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा

किसी दल से गठबंधन नहीं करेंगी मायावती, 3 राज्यों में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा

लखनऊ। अगले वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनावो को लेकर बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने बड़ा एलान किया है। मंगलवार को मायावती ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी बल्कि अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

इससे पहले आज लखनऊ में आयोजित बहुजन समाज पार्टी की बैठक में बसपा प्रमुख मायावती ने संगठन को मजबूत करने और कर्मठ और ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाये जाने की बात कही।

मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ चुनावी तैयारियों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने पर जोर दिया।

लखनऊ में बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में बसपा सुप्रीमो ने कहा कि चुनावी गठबंधन से बीएसपी को सीटों के साथ-साथ वोट प्रतिशत के स्तर पर भी नुकसान उठाना पड़ता है। इसी वजह से पार्टी ने फैसला किया है कि 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में बहुजन समाज पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।

बैठक के दौरान मायावती ने आगामी 9 अक्टूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के आयोजन से जुड़ी तैयारियों को पिछले वर्ष के निर्देशों के अनुरूप ही मुकम्मल करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 15 जनवरी 2027 को ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) को मिलने वाले आर्थिक योगदान को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दिया।

मायावती के अनुसार, इस प्रकार के सभी आयोजन अंबेडकरवादी सोच और बीएसपी के मूवमेंट को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, बेरोजगार तथा वंचित तबकों को गरीबी व बेरोजगारी के संकट से बाहर निकालना और उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने के अवसर प्रदान करने वाली नीतियों को बढ़ावा देना है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।