नीट पेपर लीक मामला: कॉकरोच जनता पार्टी की चेतावनी, कार्रवाई न रुकी तो होगा देशव्यापी आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने छात्रों पर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो जल्द देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा
नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ सरकार का रवैया बेहद शर्मनाक रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं रोकी गई और सरकार ने अपना रुख नहीं बदला, तो सीजेपी जल्द ही देशभर में नया आंदोलन शुरू करेगी।
दीपके ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और अधिकारों के लिए सड़क पर उतरे थे, कोई मजे करने नहीं आया था, लेकिन उनके साथ आतंकियों जैसा व्यवहार किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, उन पर पैलेट गन चलाई गईं और उनका खून बहाया गया।
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर इकबाल अंसारी का बयान, बोले- ट्रस्ट में आएंगे नए लोग
उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए था और इस पर सरकार को शर्म आनी चाहिए।
इससे पहले, कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने भी केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए दावा किया था कि सरकार ने दिल्ली और अन्य भाजपा तथा एनडीए शासित राज्यों में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी इस संबंध में कोई लिखित पुष्टि नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, गोवा, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने और परेशान किए जाने की आशंका है।
सीजेपी की मांग है कि देश भर के सभी प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा दी जाए और उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं, अन्यथा पार्टी पूरे देश में फिर से सड़कों पर उतरेगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच, सुप्रीम कोर्ट ने सीजेपी की अगुवाई में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों को रिहा करने का निर्देश दिया है, बशर्ते उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो।
हालांकि, अदालत ने कानून के मुताबिक मामले की जांच जारी रखने की अनुमति भी दी है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
