नेपाल बाढ़: खरगे ने पीएम-शाह को लिखी चिट्ठी, एनडीआरएफ भेजने की मांग
नई दिल्ली: नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने और पड़ोसी देश नेपाल की मदद के लिए NDRF टीमें व राहत सामग्री भेजने की मांग की है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में खरगे ने कहा कि वह नेपाल में आई भीषण बाढ़ से बहुत चिंतित हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है।
नेपाल में बाढ़ की भीषण तबाही
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल में आई इस विनाशकारी बाढ़ के कारण अब तक 626 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही करीब 2,426 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्रभावित इलाकों में हालात बेहद खराब हैं और हजारों लोग भोजन, दवा, साफ पानी और सुरक्षित आश्रय जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए गंभीर रूप से परेशान हैं।
खरगे ने प्रधानमंत्री से किया ये अनुरोध
मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि नेपाल सरकार के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों को पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि बाढ़ के कारण नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में कई भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग फंसे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि बचाव और निकासी के प्रयासों को तेज किया जाए और उनकी सुरक्षित और जल्द भारत वापसी के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं।
इसे भी पढ़ें: पेट्रोल में इथेनॉल मात्रा की जानकारी वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज, हाई कोर्ट जाने की छूट
भारतीयों के लापता होने पर चिंता
मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि नेपाल में करीब 320 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सरकार से तुरंत मदद और रेस्क्यू शुरू करने की अपील की है।
दुख में नेपाल के साथ खड़ा हो भारत
खरगे ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही हुई है। जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है और लोग बेघर हो गए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि दोनों देशों का पुराना और गहरा रिश्ता है, इसलिए मुसीबत की इस घड़ी में भारत सरकार को तुरंत नेपाल की हर संभव मानवीय मदद करनी चाहिए।
नेपाल के लिए एनडीआरएफ की मांग
खरगे ने सरकार से नेपाल को तुरंत बड़ी आपदा-राहत सहायता भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ (NDRF) टीमों को वहां रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया जाए। एनडीआरएफ का अनुभव इस बड़ी त्रासदी में लोगों की जान बचाने और राहत पहुंचाने में बहुत मददगार साबित होगा। खरगे ने उम्मीद जताई कि गृह मंत्रालय गंभीरता दिखाते हुए नेपाल के बाढ़ पीड़ितों तक तुरंत मदद पहुंचाएगा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
