ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ: राजनाथ सिंह बोले- ‘नया भारत’ अब सीमा के भीतर ही नहीं, सरहद पार भी देता है करारा जवाब
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ के अवसर पर पाकिस्तान और भारत के दुश्मनों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अब केवल अपनी सीमाओं के भीतर रक्षा नहीं करता, बल्कि जरूरत पड़ने पर सीमा पार जाकर भी दुश्मन को जवाब देने का माद्दा रखता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान सेना के जवानों ने जिस अद्वितीय सटीकता, बेहतरीन तालमेल और तीनों सेनाओं के बीच मजबूत समन्वय का प्रदर्शन किया, वह आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक बन गया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प, तैयारी और सैन्य क्षमता का शक्तिशाली प्रतीक है। यह अभियान दिखाता है कि भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के आत्मनिर्भरता अभियान की दिशा में लगातार बढ़ते कदमों का प्रमाण है। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता और तकनीक के बढ़ते उपयोग ने देश की सैन्य ताकत और लचीलापन दोनों को मजबूत किया है। रक्षा मंत्री ने इससे संबंधित 59 सेकंड का वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने चेतावनी दी है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जब भी कोई कार्रवाई करेगा तो आतंकवादियों और उनके आकाओं की सरहद पार की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी।
इसे भी पढ़ें: सुनील शेट्टी ने किया नागपुर के ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ का उद्घाटन
भारत की तरफ से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को शुरू हुए आज एक साल हो गए हैं। 22 अप्रैल 2025 को जब पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी तो पाकिस्तान की इस नापाक साजिश और उसकी हरकतों को भारत ने यूं ही नजरअंदाज नहीं किया, बल्कि एक बार फिर पाकिस्तान में घुसकर कई आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।
7 मई की तड़के सुबह भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। भारतीय बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मौजूद नौ आतंकी प्रशिक्षण शिविरों पर सटीक एयरस्ट्राइक की। इसमें कई आतंकी मारे गए और आतंकी ढांचों को तबाह कर दिया गया। भारत के इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकी भी मारे गए थे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
