पवन खेड़ा का सरकार पर तीखा हमला, बोले- “युवाओं पर एके-47 और पैलेट गन का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं”
नई दिल्ली। देशभर में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर तीखा हमला बोला है।
संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि देश के युवाओं की आवाज को दबाने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार की जा रही हैं और सरकार इस पर पूरी तरह से मौन साधे हुए है।
पवन खेड़ा ने कहा कि विपक्षी दलों ने राज्यसभा में इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा और अपनी आवाज उठाने का पुरजोर प्रयास किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के नौजवानों पर जिस प्रकार का बर्बरतापूर्ण हमला किया जा रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है।
पवन खेड़ा ने कहा, “हमारी मांग बिल्कुल स्पष्ट है। जो हमला 20 तारीख को शुरू हुआ था, वह आज तक पूरे देश में जारी है। बंगाल से लेकर बिहार तक हम देख रहे हैं कि पुलिस नौजवानों पर अत्यधिक बल का प्रयोग कर रही है। देश के ये युवा हैं और देश की ही पुलिस है, ऐसे में देश के गृह मंत्री को सदन में आकर इसका जवाब देना ही होगा।”
इसे भी पढ़ें: जंतर मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट, सत्यम पंडित पर धमकी का आरोप
बिहार के सिवान में हुई हालिया हिंसक झड़पों और पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए पवन खेड़ा ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिवान में जिस तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया गया है, वैसा इस देश ने पहले कभी नहीं देखा।
उन्होंने आगे कहा, “आज बिहार में एके-47 तक का इस्तेमाल किया गया है। जिम्मेदारी पूरी तरह से सरकार की है, इसलिए रास्ता भी सरकार को ही निकालना होगा। उन्हें सदन में आकर देश को बताना चाहिए कि युवाओं पर पैलेट गन्स के इस्तेमाल की जिम्मेदारी कौन ले रहा है?”
कांग्रेस पार्टी ने साफ कर दिया है कि जब तक गृह मंत्री इस पूरे मामले पर सदन में आकर स्पष्टीकरण नहीं देते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार केंद्र और राज्य सरकारों पर आक्रामक रुख अपनाए हुए है, जिससे आने वाले दिनों में संसद का सत्र और अधिक हंगामेदार होने के आसार हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
