जंतर-मंतर पर 13वें दिन भी प्रदर्शन जारी; सीजेपी ने लगाया फोन टैपिंग का आरोप

जंतर-मंतर पर 13वें दिन भी प्रदर्शन जारी; सीजेपी ने लगाया फोन टैपिंग का आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच अपने फोन, व्हाट्सएप कॉल और चैट की निगरानी किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है

 

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार 13वें दिन भी जारी है। इस बीच सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार और प्रशासन पर एक बड़ा आरोप लगाया है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे संगठन के लोगों के मोबाइल फोन की निगरानी की जा रही है और उनके व्हाट्सएप (WhatsApp) कॉल व चैट पर नजर रखी जा रही है।

दीपके के अनुसार, सिस्टम के भीतर मौजूद अज्ञात सूत्रों ने संगठन को यह जानकारी दी है कि उनकी आंतरिक बातचीत को इंटरसेप्ट किया जा रहा है। उन्होंने लिखा कि सूत्रों ने उन्हें उनकी इंटरनल टीम में हुई बातचीत के शब्द-दर-शब्द विवरण तक बताए हैं।

गौरतलब है कि नीट (NEET) परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यह विरोध प्रदर्शन कर रही है, जिसे सागरिका घोष से लेकर योगेंद्र यादव समेत कई सियासी दिग्गजों का भी समर्थन मिला है।

भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं और अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के 13वें दिन की झलकियां भी सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

इसी प्रदर्शन के बीच शिक्षा सुधार कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी गुरुवार को पांचवें दिन जारी रही। दीपके ने वांगचुक की एक तस्वीर भी पोस्ट की है, जो इस आंदोलन में अपना समर्थन दे रहे हैं।

इस बीच, सोनम वांगचुक ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत के बारे में अपडेट दिया है।

उन्होंने बताया कि तीन दिन से कुछ न खाने की वजह से उनका ब्लड शुगर लेवल घटकर 66 पर आ गया है और ब्लड प्रेशर भी कम हो गया है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें पानी और नमक का सेवन बढ़ाने की सलाह दी है।

उन्होंने उपवास की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझाते हुए बताया कि लंबे समय तक भूखे रहने से शरीर में कीटोसिस (ऊर्जा के लिए फैट बर्न होना) की प्रक्रिया शुरू हो जाती है और शरीर फैट का इस्तेमाल करने लगता है।

उन्होंने आगे कहा कि बहुत लंबे समय तक उपवास करने पर शरीर मांसपेशियों और अंगों का भी इस्तेमाल करने लगता है, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है, लेकिन फिलहाल उनकी हालत जानलेवा नहीं है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।