वोट चोरी पर राहुल का एलान: 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान

वोट चोरी पर राहुल का एलान: 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर मोदी सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता का वोट चुराया जा रहा है, जिसे वे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

राहुल का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर मतदाता सूचियों से नाम हटाए गए और विरोध करने वालों पर लाठियां बरसाई गईं। अब देश की जनता इसका करारा जवाब देगी।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष की ‘महारैली’

इसी कथित धांधली और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। इंडिया गठबंधन 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल ‘महारैली’ के जरिए इस मुद्दे पर देशव्यापी विरोध दर्ज कराएगा।

कांग्रेस सांसद ने अपनी पोस्ट में लिखा ‘1 नवंबर चलो दिल्ली। वोट बचाओ देश बचाओ जन मार्च और महारैली। उन्होंने लोगों से इस रैली में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि छात्र, किसान, मज़दूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी जिस-जिस को लोकतंत्र की फ़िक्र है वो इस रैली में जरूर आएं। उन्होंने कहा कि वोट आपका है तो ऐसे में लड़ाई भी आपकी है।

बीजेपी पर राहुल गांधी का तंज

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ‘भाजपा और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचा रहे हैं; बस अगले 7 दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए!’

इस रैली में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं के जुटने की उम्मीद है। कांग्रेस ने इस रैली को ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।