चुनाव आयोग पर रार: विपक्षी मार्च में बीजेडी की एंट्री, कांग्रेस ने बोला बड़ा हमला
नई दिल्ली: चुनाव आयोग के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली के संसद मार्ग पर निकाले गए विपक्षी गठबंधन इंडिया के विरोध मार्च में बीजू जनता दल के सांसद भी शामिल हुए जिसे पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया।
इस मौके पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा की ‘वोट चोरी’ और वोटर लिस्ट के नए नियमो के बहाने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिसे विपक्ष एकजुट होकर नाकाम करता रहेगा। बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कांग्रेस नेताओं ने इसे “भारतीय झूठ पार्टी” करार दिया और कहा कि मौजूदा सरकार की विदाई की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर बताया कि निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर जाने वाले विरोध मार्च में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ बीजद के सांसद भी शामिल हुए, जिन्हें निर्वाचन सदन के पास आकाशवाणी भवन के सामने रोक दिया गया।
मार्च रोकने पर धरने पर बैठे राहुल-खरगे
उन्होंने कहा कि वोट चोरी या परिसीमन जैसे मुद्दों पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी के मंसूबों को विफल करने के लिए विपक्ष की एकजुटता पूरी तरह कायम रहेगी और विपक्षी दलों की यह एकता सत्तारूढ़ दल की विदाई की उल्टी गिनती शुरू कर चुकी है।
इसे भी पढ़ें: आंदोलनकारी छात्रों को भाजपा नेताओं का समर्थन
हालांकि, ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा न होने के बावजूद प्रदर्शन में भाग लेने वाले बीजद सांसद मानस मंगराज और सुलता देव में से देव ने स्पष्ट किया कि पार्टी नेता नवीन पटनायक के निर्देशानुसार बीजद न तो ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ है और न ही एनडीए के साथ, बल्कि एक जिम्मेदार क्षेत्रीय राजनीतिक दल के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।
मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी सांसदों ने जब संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ मार्च शुरू किया, तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें संसद मार्ग पर ही रोक दिया।
आगे बढ़ने की इजाजत न मिलने पर नाराज सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत हटाने की मांग करने लगे। थोड़ी देर चले इस हंगामे और नारेबाजी के बाद, पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया और बसों में भरकर वहां से हटा दिया।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
