संजय राउत के ट्रंप पोस्ट पर बवाल: भाजपा ने कहा ‘राजनीति का जोकर

संजय राउत के ट्रंप पोस्ट पर बवाल: भाजपा ने कहा ‘राजनीति का जोकर

नई दिल्ली: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भारतीय राजनीति में घमासान मचा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राउत को ‘भारतीय राजनीति का जोकर’ करार दिया है।

संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए। राउत ने ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने वाली खबरों पर आपत्ति जताते हुए इसे भारत का “आंतरिक मामला” बताया और चुनाव में धांधली व दबाव के आरोप लगाए।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि संजय राउत और कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में देश की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं। पूनावाला ने कहा कि संजय राउत भारतीय राजनीति के जोकर हैं। वह और राहुल गांधी घरेलू राजनीतिक लड़ाई के लिए भारत की छवि खराब करने की सुपारी लेकर बैठे हैं। मोदी विरोध में ये लोग देश का विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि दुनिया भर में भारतीय लोकतंत्र की सराहना हो रही है, लेकिन विपक्ष चुनावी प्रक्रिया को लेकर झूठे नैरेटिव फैलाने में जुटा है। पूनावाला ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और खबरों के मुताबिक ट्रंप ने भी भाजपा को बधाई दी है। भाजपा प्रवक्ता ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि जब भी चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं आते, तब वे संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने लगते हैं।

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर राउत ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने उन खबरों पर सवाल उठाए, जिनमें दावा किया गया था कि ट्रंप ने चुनाव में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव भारत के संघीय लोकतंत्र का आंतरिक मामला है और किसी बाहरी नेता की ओर से इस तरह की प्रतिक्रिया समय से पहले और अनुचित प्रतीत होती है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।