सपना चौधरी विवाद: कोर्ट के आदेश के बाद पति वीर साहू ने पोस्ट की रील
गायिका सपना चौधरी के पति वीर साहू अब सपना से न तो मिल सकेंगे और न उनसे संपर्क कर सकेंगे। द्वारका कोर्ट की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत ने सपना की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया। कोर्ट के आदेश के बाद सपना के पति वीर साहू ने एक पोस्ट की है।
नई दिल्ली: हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी से विवाद की खबरों और कोर्ट के आदेश के बाद उनके पति वीर साहू ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट की है।
इस वीडियो में उनके सिर पर एक व्यक्ति पगड़ी बांध रहा है और वह मुस्कुरा रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में नुसरत फतेह अली खां की मशहूर गजल ‘आंख उठी मोहब्बत ने अंगड़ाई ली’ चल रही है।
गायिका सपना चौधरी और वीर साहू के रिश्तों में आई इस दरार के बाद वीर के माता-पिता यानी सपना के सास-ससुर ने इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साधी हुई है।
हांसी के गांव मदनहेड़ी से ताल्लुक रखने वाले और सोशल मीडिया पर अपनी देसी लाइफस्टाइल व गानों के लिए जाने जाने वाले वीर के इस पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस को लेकर उनके माता-पिता ने मीडिया या जनता के सामने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस बीच, द्वारका कोर्ट की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत ने सपना चौधरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए बड़ा आदेश जारी किया है, जिसके तहत वीर साहू अब सपना से न तो मिल सकेंगे और न ही किसी माध्यम से उनसे संपर्क कर सकेंगे।
सपना चौधरी ने अपनी आगामी फिल्म की रिलीज को देखते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा और पेशेवर प्रतिबद्धताओं में बाधा आने की आशंका जताई थी।
इसे भी पढ़ें: आलमगीर आलम को बड़ी राहत: टेंडर कमीशन मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
इस पर अदालत ने घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम के तहत अंतरिम राहत देते हुए उनके पति पर ये कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।
अदालत ने स्पष्ट किया कि प्रतिवादी अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता के पास किसी भी तरह से नहीं पहुंचेगा, उनके निवास स्थान या कार्यस्थल पर नहीं जाएगा और न ही घरेलू हिंसा का कोई कृत्य करेगा।
सपना चौधरी के वकील ने अदालत में दलील दी थी कि यदि तुरंत राहत नहीं दी गई, तो उनकी मुवक्किल को कभी न ठीक होने वाला नुकसान हो सकता है, जिससे उनकी गरिमा, सुरक्षा और आगामी फिल्म प्रीमियर सहित उनके प्रोफेशनल कामों में बाधा आ सकती है।
अदालत ने याचिका, हलफनामे और पेश किए गए सबूतों (जिनमें कथित चोटों की तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक प्रमाण शामिल हैं) का गहनता से अवलोकन करने के बाद प्रथम दृष्टया अंतरिम राहत प्रदान करने के लिए पर्याप्त आधार पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) को आदेश का सख्ती से पालन कराने और सपना को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2020 में वीर साहू से लव मैरिज करने वाली सपना चौधरी ने अपने पति पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं और वह अपना ससुराल छोड़ चुकी हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
