सिरमौर: गणेश मंदिर से ₹45 लाख की चांदी की पालकी व नकदी चोरी
सिरमौर के कोटला मोलर पंचायत के गणेश मंदिर से बुधवार रात अज्ञात चोर सीसीटीवी के तार काटकर तथा डीवीआर सहित 18 किलो चांदी की पालकी, सोने के कुंडल और 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए, जिसकी जांच पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से कर रही है
सिरमौर: सैनधार क्षेत्र में स्थित कोटला मोलर पंचायत के गणेश मंदिर में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
चोर मंदिर से करीब 45 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाली 18 किलोग्राम चांदी की पालकी, भगवान गणेश के सोने के कुंडल और चढ़ावे की लगभग 40 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने के लिए चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे, जिन्होंने सबसे पहले मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्होंने मुख्य द्वार और अलमारी के ताले तोड़कर चोरी की।
इसे भी पढ़ें: घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर: दिल्ली-NCR और पश्चिमी यूपी में बारिश को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट
हैरानी की बात यह रही कि मंदिर गांव के बीचोंबीच स्थित होने के बावजूद देर रात हुई इस घटना की भनक किसी भी स्थानीय निवासी को नहीं लगी। वीरवार सुबह जब मंदिर के कपाट खुले, तब इस चोरी का पता चला और मंदिर समिति ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
मंदिर समिति के प्रधान अर्जुन ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी शामिल किया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में सुराग तलाश कर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
