योगी केबिनेट में शामिल हुए 6 नए मंत्री, खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर को भी मिली जगह

योगी केबिनेट में शामिल हुए 6 नए मंत्री, खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर को भी मिली जगह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनावी की तैयारी में जुटी प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्तार किया गया है। मंत्रिमंडल में 6 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है, इनमे सपा के दो बागी मनोज पांडे और पूजा पाल का नाम भी शामिल है।

लखनऊ के राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही योगी कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या अब अपनी अधिकतम सीमा 60 तक पहुंच गई है।

भाजपा ने इस फेरबदल के जरिए न केवल जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है, बल्कि विपक्ष के किलों में सेंध लगाने की रणनीति को भी धार दी है।

कैबिनेट विस्तार में शामिल होने वाले नए चेहरों में सबसे प्रमुख नाम भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा में आए मनोज पांडे का है।

इनके अलावा कौशांबी की चायल सीट से सपा छोड़ भाजपा का दामन थामने वाली पूजा पाल, अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेंद्र दिलेर, फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान और वाराणसी के विधान परिषद सदस्य (MLC) हंसराज विश्वकर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

इस विस्तार में भाजपा ने दलित, पिछड़ा और महिला प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया है। विशेष रूप से मनोज पांडे और पूजा पाल जैसे नेताओं को शामिल करना सपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंधमारी और ब्राह्मण व ओबीसी मतदाताओं को एकजुट करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि 2027 के महामुकाबले से पहले यह योगी सरकार का आखिरी बड़ा फेरबदल हो सकता है। नए मंत्रियों को शामिल करने का समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि सरकार के पास चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए लगभग डेढ़ साल का समय बचा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथ ग्रहण के बाद नए सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह विस्तार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को और गति देगा। सूत्रों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया जाएगा, जिसमें कुछ पुराने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है ताकि प्रशासनिक कामकाज में और अधिक कसावट लाई जा सके।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।