बिहार बंद का हाल: जानिए किन जिलों में थमी रफ्तार और कहां इंटरनेट बंद

बिहार बंद का हाल: जानिए किन जिलों में थमी रफ्तार और कहां इंटरनेट बंद

दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना के उपद्रव के बाद, महागठबंधन के समर्थन से वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए आज के ‘बिहार बंद’ से सुबह से ही जनजीवन प्रभावित है

बिहार: नीट पेपर लीक और शिक्षा नीति के विरोध में वामपंथी छात्र संगठनों (AISA, RYA) द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दी गई है।

वामदलों और महागठबंधन की सभी प्रमुख पार्टियों का समर्थन मिलने के कारण शनिवार सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में इस बंद का असर देखने को मिला।

स्थिति को संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक लाख पुलिसकर्मियों और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (CISF, BSF, SSB, CRPF) की तैनाती की गई है, तथा पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

पटना, औरंगाबाद सहित कई जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं, जबकि मुजफ्फरपुर में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है और पूरे शहर में ड्रोन व सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है।

राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, कारगिल चौक और मुख्यमंत्री आवास जैसे बेहद संवेदनशील इलाकों में वाटर कैनन और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

पटना में तेज प्रताप यादव के नेतृत्व में छात्र गांधी मैदान के पास प्रदर्शन करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने नियंत्रित किया।

गांधी मैदान और अन्य चौक-चौराहों पर छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और एनटीए को भंग करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

एहतियाती कदम उठाते हुए पटना पुलिस ने एक दिन पहले ही भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ और आइसा प्रदेश अध्यक्ष धनंजय समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

राज्य के अन्य जिलों में भी मिला-जुला और कई जगह उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। समस्तीपुर के पटेल गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों ने तड़के ही बसों को रोककर, आगजनी कर और सड़क पर लेटकर यातायात बाधित किया।

नालंदा, गया और मधेपुरा में भी छात्र संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।मधेपुरा में कलेक्ट्रेट घेराव के लिए बढ़ रहे 17 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

फिलहाल पटना के अधिकांश मुख्य बाजारों में स्थिति सामान्य और यातायात सुचारु है, लेकिन कई जिलों में आगजनी और जाम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

पूरा प्रशासन राज्यभर में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अलर्ट पर है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B