सोनम वांगचुक से मिलीं स्वरा भास्कर; आंदोलन को दिया पूरा समर्थन

सोनम वांगचुक से मिलीं स्वरा भास्कर; आंदोलन को दिया पूरा समर्थन

जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने मुलाकात कर उनके प्रति अपना आभार और समर्थन जताया है

 

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिसके कारण उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है।

उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कई बॉलीवुड सितारों ने चिंता व्यक्त की है और उनसे अनशन खत्म करने की अपील की है।

इसी बीच जानी-मानी अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया

मुलाकात के दौरान स्वरा भास्कर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दिपके से भी मिलीं। इस संगठन के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ तस्वीरें साझा की गईं, जिसमें स्वरा प्रदर्शन स्थल पर नजर आ रही हैं।

पोस्ट के कैप्शन में स्वरा को बिना किसी झिझक के आवाज उठाने वाली और एक निडर अभिनेत्री बताते हुए आंदोलन में शामिल होने के लिए उनका स्वागत किया गया।

इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए स्वरा भास्कर ने अभिजीत दिपके का आभार जताया और लिखा कि हम सभी के बच्चों के भविष्य के लिए लड़ने के लिए आपका धन्यवाद।

इसके साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के लिए लिखा कि कभी न थकने वाले सोनम वांगचुक सर, आप बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, मेरा पूरा समर्थन और आभार आपके साथ है।

सोनम वांगचुक के इस आंदोलन को बॉलीवुड से बड़ा समर्थन मिल रहा है। इससे पहले दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने भी उनसे भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की थी।

फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर’ का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य, दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान और श्रेया धनवंतरी समेत कई अन्य कलाकारों ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है।

आपको बता दें कि जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन नीट (NEET) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ शुरू हुआ था, जिसे सीजेपी संगठन पिछले 17 दिनों से चला रहा है।

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे और तब से वे लगातार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।