सीजेपी प्रदर्शन पर दिल्ली में कड़ा पहरा: 23 हजार जवान तैनात, परिवहन और ठहरने पर सख्त नजर
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में होने वाले आगामी प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा घेरा बेहद मजबूत कर दिया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है।
जिसमें लगभग 23 हजार जवान शामिल हैं। इस विशेष सुरक्षा दस्ते में महिला अर्धसैनिक बलों की 5 कंपनियां भी मुस्तैद रहेंगी और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सीआरपीएफ के जवानों को विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से दिल्ली बुलाया गया है।
दिल्ली में भारी पाबंदियां और सुरक्षा घेरा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर CJP और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति दिल्ली पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए नहीं दी है, जिसके चलते बवाना के राजीव गांधी और छत्रसाल स्टेडियम सहित विभिन्न जिलों में हिरासत केंद्र बनाए जा रहे हैं।
दिल्ली की सीमाओं और प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, रेलवे व कैब एग्रीगेटर्स से समन्वय किया जा रहा है, होटलों में नई बुकिंग सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं, संवेदनशील इलाकों में करीब 40 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने पर विचार चल रहा है, सुरक्षा इनपुट के आधार पर इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है, तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार ने 9 और 10 अक्टूबर को शहर में शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है।
इसे भी पढ़ें: नीट-यूजी मामले में दिग्विजय सिंह का पीएम को पत्र, श्वेत पत्र जारी करे सरकार
दिल्ली पुलिस ने आगामी प्रदर्शन को लेकर वीडियो रिकॉर्डिंग और लाइवस्ट्रीमिंग करने वाले लोगों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सिर्फ वीडियो बनाने के आधार पर किसी भी नागरिक को आंदोलनकारी नहीं माना जाएगा और न ही उन पर कोई कार्रवाई होगी।
कानूनी कदम केवल तभी उठाया जाएगा जब कोई व्यक्ति सुरक्षा बलों के काम में बाधा डालेगा, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करेगा या अवैध रूप से भीड़ जुटाने की कोशिश करेगा। इसके साथ ही, पुलिस ने मीडिया कर्मियों से भी अपील की है कि वे संवेदनशील इलाको और बैरिकेडिंग के पास कवरेज करते समय अपना असली प्रेस पहचान पत्र हमेशा साथ रखें और उसे स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें ताकि सुरक्षा जांच में कोई असुविधा न हो।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
