उद्धव ठाकरे का अमित शाह पर तीखा तंज, लगाया अफवाह और झूठ फैलाने का आरोप

उद्धव ठाकरे का अमित शाह पर तीखा तंज, लगाया अफवाह और झूठ फैलाने का आरोप

नई दिल्ली: बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि के मौके पर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचनाओं का कड़ा जवाब दिया है। कोरोना काल के दौरान अपने कामकाज पर उठे सवालों को खारिज करते हुए उद्धव ठाकरे ने गृह मंत्री पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने भाजपा की पुरानी बातों को याद दिलाते हुए कहा कि जिस पार्टी ने कभी दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर 70,000 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाकर उनका जीना मुहाल कर दिया था, आज उसी के नेता उनकी मूर्ति का उद्घाटन कर रहे हैं। उद्धव ने इस बदले हुए रुख को लेकर शाह की बातों की सच्चाई पर सवाल उठाए हैं।

अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण पर उद्धव का तंज

उन्होंने कहा कि जिस अजीत पवार को जीवनभर 70,000 करोड़ रुपये के झूठे भ्रष्टाचार के मामलों में परेशान किया गया, आज अमित शाह उन्हीं की तारीफों के पुल बांध रहे हैं और प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं। ठाकरे ने कटाक्ष किया कि अगर शाह ने अजीत पवार के जीवित रहते उनके काम की दो शब्द तारीफ की होती, तो उन्हें तसल्ली और शांति मिलती।

कोविड काल में फोन न उठाने के शाह के आरोपों को खारिज करते हुए ठाकरे ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर वे फोन नहीं उठाते, तो महाराष्ट्र में भी उत्तर प्रदेश जैसे हालात होते जहां शवों को गंगा में फेंका गया था। इसके साथ ही उन्होंने मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के मुद्दों पर शाह को घेरते हुए कहा कि देश ऐसे नेताओं के हाथों में है जो सिर्फ झूठ फैलाते हैं, इसलिए अब सत्ता परिवर्तन ही एकमात्र विकल्प बचा है।

बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि और जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उद्धव ठाकरे ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बालासाहेब की स्मृति में हर महीने की 17 तारीख को रक्तदान शिविर लगाने वाले पार्टी कार्यकर्ता अरविंद भोसले की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में ऐसी सच्ची वफादारी बहुत कम देखने को मिलती है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने यह भी जानकारी दी कि राजनीतिक गतिविधियां अपनी जगह चलती रहेंगी, लेकिन ट्रस्ट ने आने वाले एक साल के भीतर ‘बालासाहेब ठाकरे मेमोरियल गैलरी’ का आधिकारिक रूप से शुभारंभ करने का निर्णय लिया है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं