उन्नावः आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसा, 5 की मौत
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार बस ने डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रही अर्टिगा कार को टक्कर मार दी, जिससे वृंदावन जा रहे एक ही परिवार के पांच लोगों—बाप, बेटी, दामाद और दो नातिनों—की दर्दनाक मौत हो गई
उन्नाव: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब साढ़े 4 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और उसके परखच्चे उड़ गए, जबकि बस एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर बांगरमऊ इलाके में हुआ। ‘बाबा ट्रैवलर’ की यह स्लीपर बस (BR 06 PF 1024) हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी, जिसकी रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा थी।
वहीं संतकबीर नगर नंबर की अर्टिगा कार (UP 58 AK 3461) लखनऊ से आगरा की तरफ जा रही थी। कार में सवार परिवार वृंदावन दर्शन के लिए निकला था। मृतक विनोद के 16 वर्षीय घायल बेटे आर्यन ने बताया कि वे लोग मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्त की कार लेकर निकले थे और लखनऊ में थोड़ा रुकने के बाद एक्सप्रेस-वे पर चढ़े थे, जहां सुबह यह हादसा हो गया।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान वार्ता: जेडी वेंस पहुंचे स्विट्जरलैंड, परमाणु डील और 6 अरब डॉलर पर टिकी नजरें
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे डीएम घनश्याम मीना और एसपी जय प्रकाश सिंह ने हालात का जायजा लिया। सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि बस में कुल 70 और कार में 9 लोग सवार थे। इस हादसे में कार सवार 4 लोग और बस में सवार 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। जान गंवाने वालों में भुनभुन (60 वर्ष), उनकी छोटी बेटी अंजू (40 वर्ष), बड़ी बेटी के पति विनोद (45 वर्ष), विनोद की बेटी दिव्या (13 वर्ष) और अंजू की बेटी अमृता (6 वर्ष) शामिल हैं।
वहीं कार सवार घायलों में विनोद की पत्नी प्रिया (40 वर्ष), उनकी दूसरी बेटी अपराजिता (10 वर्ष), अंजू की छोटी बेटी रिदा (5 वर्ष) और विनोद का बेटा आर्यन (16 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा बस में सवार घायल यात्रियों में नालंदा के रहने वाले अन्नू देवी (78), सूरज (18), पवन कुमार (15), आनंदी (15), प्रमोद (25), शंकर माझी (25), खुशबू (14) और हरियाणा के फरीदाबाद निवासी मोहित (34) शामिल हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
