यूपी: सलमान खान-सलीम खान को धमकाने वाला लखनऊ से गिरफ्तार, खुद को बताता था छोटा शकील का गुर्गा

यूपी: सलमान खान-सलीम खान को धमकाने वाला लखनऊ से गिरफ्तार, खुद को बताता था छोटा शकील का गुर्गा

फिल्मों में काम मांगने के बहाने अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को धमकाने वाला हिस्ट्रीशीटर लखनऊ से गिरफ्तार हुआ।

लखनऊ:फिल्मों में काम मांगने के लिए अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को फोन पर धमकाने वाले और चेन लूट के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गाजीपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का गुर्गा बताता था।

गाजीपुर थाने के इंस्पेक्टर राजेश मौर्या के मुताबिक, आरोपी की पहचान प्रयागराज के शाहगंज निवासी मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शाहरुख ने करीब तीन सप्ताह पहले इंदिरानगर में इरम स्कूल के पास एक महिला से चेन लूटी थी।

पुलिस टीम जब बृहस्पतिवार को बंधा रोड पर मजार के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आते दिखे शाहरुख को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। उसके पास से लूटी गई चेन और आठ हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर शाहरुख का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज जैसे विभिन्न थानों में रंगदारी, हत्या का प्रयास और बमबाजी समेत करीब 20 गंभीर मामले दर्ज हैं।

इससे पहले साल 2018 में उसने सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को धमकी दी थी, जिसके बाद बांद्रा पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। इसके अलावा अगस्त 2019 में उसने कारोबारी हमदान पर जानलेवा हमला किया था और वह पहले भी कई बार पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा जा चुका है।

इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने यह भी बताया कि साल 2023 में आरोपी का एक ऑडियो और फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।

उस ऑडियो में वह माफिया अतीक अंसारी के लिए जान देने और लेने की बात करता सुनाई दे रहा था, जबकि वायरल फोटो में वह एक कार में सवार होकर सरेआम रिवॉल्वर लहराता हुआ नजर आया था।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।