हरदोई में बवाल, SDM पर पथराव, सिर फोड़ा

हरदोई में बवाल, SDM पर पथराव, सिर फोड़ा

जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत के पुत्र ने अपने साथियों के साथ एसडीएम शाहाबाद सुशील मिश्रा पर हमला कर दिया

हरदोई: सरकारी काम में बाधा डालना और जांच टीमों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव का है, जहां सोमवार शाम को बाढ़ राहत कार्यों और मनरेगा योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करने गए शाहाबाद के एसडीएम सुशील मिश्रा पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया।

एसडीएम गांव में गर्रा नदी पर बन रहे पुल और मनरेगा के तहत बने कूड़ा निस्तारण (आरसी) केंद्र की जांच कर रहे थे। बाउंड्री वॉल पर गेट न लगे होने को लेकर जब उन्होंने पूछताछ की, तो मौके पर मौजूद भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत और ग्राम प्रधान के बेटे उदयवीर राजपूत से उनकी बहस हो गई।

बहस के बाद देखते ही देखते भारी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में एसडीएम सुशील मिश्रा का सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी और खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, स्थिति को संभालते हुए प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय कई थानों की पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए हरदोई के डीएम अनुनय झा ने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमलावर चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।