यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर हंगामा, सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला

यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर हंगामा, सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला

यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर हुए हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर सनातन विरोधी और यूपी की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है

उत्तर प्रदेश: विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत और सदन के भीतर संबोधन में सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है और कैमरों में दिखने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में किसी भी साधु-संत को दोषी नहीं पाया गया है, इसलिए संतों और 1100 कर्मचारियों पर आक्षेप लगाना पूरी तरह अनुचित है।

उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हमेशा सनातन परंपरा और राम जन्मभूमि का विरोध करते रहे हैं, वे अब इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

सदन के भीतर जब अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू हुई, तो विपक्षी विधायकों, विशेषकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया और चर्चा से भागने का प्रयास किया।

इस दौरान सपा विधायक सचिन यादव द्वारा मुख्यमंत्री से जुड़ी एक तस्वीर दिखाने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बेहद नाराज हुए।

अध्यक्ष ने उन्हें पूरे सत्र के लिए सदन से बाहर करने का आदेश दिया और एथिक्स कमेटी के जरिए उनकी सदस्यता रद्द करने की चेतावनी दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही को अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

अनुपूरक बजट के तहत विभिन्न विभागों के लिए वित्तीय आवंटन भी किए गए हैं। ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के लिए ग्राम्य विकास विभाग को ₹8,103.51 लाख राजस्व तथा ₹14,18,471.95 लाख (लगभग ₹14,184.72 करोड़) का पूंजीगत आवंटन मिला है।

ऊर्जा क्षेत्र के लिए राजस्व मद में पर्याप्त राशि और पूंजीगत मद में ₹40,000.00 लाख आवंटित किए गए हैं, जबकि पंचायती राज विभाग को स्थानीय निकायों के विकास के लिए ₹15,633.00 लाख राजस्व और ₹13,998.00 लाख पूंजीगत बजट प्रदान किया गया है।

इसके अलावा कृषि विभाग को ₹13,237.76 लाख राजस्व और ₹15,900.00 लाख पूंजीगत, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण को ₹24,480.37 लाख राजस्व, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य और जल संसाधन विभागों के लिए भी बजट राशि स्वीकृत की गई है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।