गिरफ्तारी के बाद रो पड़ीं वीणा मानवी, नितिन नवीन पर लगाया साजिश का आरोप

गिरफ्तारी के बाद रो पड़ीं वीणा मानवी, नितिन नवीन पर लगाया साजिश का आरोप

गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने पर वीणा मानवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी उनका नामांकन रद्द कराने के लिए उन्हें पूरे दिन मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है

 

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को बीते  (13 जुलाई, 2026) को गिरफ्तार किए जाने और फिर कोर्ट से बेल मिलने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

जमानत मिलने के बाद आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीणा मानवी सरकार और प्रशासन पर जमकर बरसीं तथा इस दौरान वे भावुक होकर रोने भी लगीं। उन्होंने बांकीपुर के निवर्तमान विधायक नितिन नवीन का नाम लेते हुए कहा कि यह उनकी सीट है और चुनाव में उनकी हालत खराब हो गई है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर सात हत्याओं के केस हैं, वे सत्ता में बैठे हैं और हम पर सिर्फ जमानतीय धारा होने के बावजूद गिरफ्तारी की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीणा मानवी ने आरोप लगाया कि उन्हें पूरे दिन मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और भाजपा उनका नामांकन रद्द कराने की साजिश रच रही है। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वे एक साधारण समाजसेवी हैं और जब नामांकन दाखिल करने गईं, तभी प्रशासन ने उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट होने की बात कही, लेकिन कोई कागज़ नहीं दिखाया।

उन्हें करीब डेढ़-दो घंटे तक मेडिकल के नाम पर अलग-अलग जगह घुमाया गया ताकि वे समय पर नामांकन दाखिल न कर सकें, हालांकि उन्होंने सुबह 10 बजे ही अपना नामांकन जमा कर दिया था।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि निर्वाचन आयोग ईमानदारी से काम करेगा तो उनका नामांकन रद्द नहीं होगा। वीणा मानवी ने चेतावनी दी कि अगर उनके साथ आगे भी ऐसा व्यवहार हुआ तो आंदोलन किया जाएगा, क्योंकि जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है और चुनाव में इसका फैसला करेगी।

इस पूरे विवाद पर जेजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपनी प्रत्याशी का बचाव करते हुए कहा कि वीणा मानवी चुनाव जीतने वाली हैं, इसी वजह से उनके खिलाफ यह राजनीतिक साजिश रची गई है।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है कि वहां से बेल मिल गई। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार की जनता साफ देख रही है कि जिस उम्मीदवार की जीत तय दिखाई दे रही है, विपक्ष और प्रशासन मिलकर केवल उसी को रोकने की कोशिशों में जुटे हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं