इंटरनेट कॉल और टीवी न्यूज से भागे हमलावर; टाइगर श्रॉफ केस की इनसाइड स्टोरी

इंटरनेट कॉल और टीवी न्यूज से भागे हमलावर; टाइगर श्रॉफ केस की इनसाइड स्टोरी

नई दिल्ली: जांच में पता चला है कि हमलावर लगातार अपने मुख्य सरगना से जुड़े हुए थे, जो उन्हें फ़ोन और मैसेज के जरिए पल-पल की जानकारी दे रहा था। सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों के चेहरे और पहचान दिखाई जाने लगी, तो सरगना ने तुरंत उन्हें सावधान करते हुए उस जगह से भाग जाने को कहा। इस पूरी वारदात के बाद वे सभी टीवी पर चल रही खबरों के जरिए पुलिस की हलचल पर भी नजर रख रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग के मामले में शूटर्स को लगातार यह जानकारी दी जा रही थी कि पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन तक पहुंचने में कितनी आगे बढ़ चुकी है।

सदमे में अभिनेता, बयान दर्ज होना बाकी

पुलिस को संदेह है कि कोई व्यक्ति टीवी न्यूज चैनलों पर नजर रखकर शूटर्स को अपडेट दे रहा था, जिसमें अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित या हाल ही में सोनीपत से गिरफ्तार अंकित खटक और समीर खत्री की भूमिका हो सकती है, हालांकि मुख्य मददगार की पहचान अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद बार-बार अपने यात्रा के साधन बदल रहे थे—वे पहले बाइक से भागे और फिर ट्रेन व कैब के जरिए अलग-अलग जगहों पर पहुंचे। उन्होंने पकड़े जाने से बचने के लिए सामान्य फोन कॉल के बजाय इंटरनेट आधारित कॉलिंग का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें ट्रैक करना कठिन हो गया था।

हालांकि, कैब ड्राइवर से हुई एक सामान्य फोन कॉल से उनकी गतिविधियों का सुराग मिला, जिसके बाद मुंबई पुलिस की पुख्ता सूचना पर राजस्थान के कोटा से उन्हें ट्रेन में दबोच लिया गया। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी फूल सिंह, रेहान रहीसुद्दीन अंसारी और ऋतिक महतो शामिल हैं, जो 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में हैं।

हमले के बाद अभिनेता टाइगर श्रॉफ काफी डरे और परेशान हैं, जिसकी वजह से पुलिस अभी तक उनका बयान दर्ज नहीं कर सकी है। उन्होंने पुलिस से कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वह खुद हैरान हैं कि उनकी गाड़ी पर किसने और क्यों फायरिंग करवाई। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, अभिनेता के सदमे से बाहर आते ही जल्द ही उनका आधिकारिक बयान लिया जाएगा।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं