बड़ा हादसा: सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मशीन, 8 मजदूरों की मौत

बड़ा हादसा: सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मशीन, 8 मजदूरों की मौत

जयपुर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी उपखंड क्षेत्र स्थित छापोली गांव में सोमवार को एक दर्दनाक और भयावह हादसा सामने आया है। सड़क के निर्माण कार्य के दौरान कंक्रीट मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (11 KV) की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से पूरी मशीन में अचानक तेज और जानलेवा करंट दौड़ गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे की विभीषिका इतनी भयानक थी कि संभलने का मौका तक नहीं मिला और 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29), पवन गुर्जर (23) तथा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) शामिल हैं।

हादसे के बाद मृतक मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।

राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और घायलों को त्वरित व समुचित चिकित्सा उपचार प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।