राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले- गहरी साजिश रची जा रही

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले- गहरी साजिश रची जा रही

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर चुनाव प्रभावित करने और नागरिको के मताधिकार को छीनने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेता की यह तीखी प्रतिक्रिया केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह के उस हालिया बयान के बाद आई है, जिसमे उन्होंने कहा था कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान के लिए अब आधार कार्ड के स्थान पर वोटर आईडी कार्ड का इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं और निशाना मुख्य रूप से उन लोगों को बनाया जा रहा है जो बीजेपी के खिलाफ आक्रोश में हैं।

वोटर लिस्ट और मिलीभगत का दावा

राहुल ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट निष्पक्ष चुनाव आयोग के बजाय मोदी सरकार के कर्मचारी ज्ञानेश कुमार के हाथ में है, जिनकी बीजेपी के साथ मिलीभगत में वोट चोरी उन्होंने सबूतों के साथ पकड़ी है। उनका कहना है कि ऐसी वोटर लिस्ट तैयार की जा रही है जिससे हमेशा बीजेपी का बहुमत रहे और वही लिस्ट तय करेगी कि जनता को सरकारी योजनाओं का पैसा मिलेगा या नहीं।

राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि यदि बीजेपी को हटाने की बात करने वालों के नाम चुन-चुनकर काटे गए तो वोट के साथ-साथ अधिकार भी चले जाएंगे और जनता एक अपहृत लोकतंत्र की अदृश्य नागरिक बनकर रह जाएगी, जहां जनता सरकार नहीं बल्कि सरकार अपनी जनता चुनेगी।

वोटर कार्ड की शर्त को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज पंचायती राज योजनाओ पर पाबंदी लगाई गई है, तो कल राशन, मनरेगा और पेंशन जैसे हक़ भी छीन लिए जाएंगे। उन्होंने इसे चुनाव जीतने की होड़ नहीं, बल्कि सत्ता में बने रहने के लिए वोट चोरी का एक स्थायी इंतजाम बताया।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मतदान नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी गरीब को मिलने वाली सरकारी मदद को इस तरह बंधक नहीं बनाया जा सकता, जिसके खिलाफ वे मजबूती से लड़ेंगे।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं