‘वोट रक्षक’ बनेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, बूथ स्तर पर जाँचेंगे कटे हुए नाम, गांवों में लगेगी चौपाल
नई दिल्ली: SIR प्रक्रिया के बाद वोटर लिस्ट से नाम कटने के मुद्दे को कांग्रेस अब गांव-गांव तक ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी ने एक खास योजना बनाई है, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता जल्द ही ‘वोट रक्षक’ बनकर गली-मोहल्लों में घूमते दिखेंगे। इन कार्यकर्ताओं की टीमें बूथ स्तर पर जाकर उन लोगों की पहचान करेंगी, जिनके नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। कांग्रेस ने अपने इस खास अभियान को ‘वोट रक्षक’ का नाम दिया है।
कांग्रेस महासचिव और सांसद के.सी. वेणुगोपाल के अनुसार, पार्टी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान की समीक्षा बैठक की है, जिसमें एआईसीसी के सभी महासचिव, प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, सचिव और पर्यवेक्षक शामिल हुए। वेणुगोपाल ने बताया कि इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता अब ‘वोट चोरी’ के खिलाफ जमीनी स्तर पर उतरकर हर बूथ पर यह जांच करेंगे कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से किन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
इसके अलावा, ‘वोट रक्षक’ अभियान के अंतर्गत 15 दिसंबर तक देश भर के गांवों में चौपालें लगाकर हटाए गए नामों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा, जबकि प्रदेश कांग्रेस समितियों की ओर से गांव-गांव में बड़े पैमाने पर मार्च निकालने के साथ-साथ 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर हर राज्य में ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन भी किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: बीकानेर: प्रसव के बाद 5 महिलाओं की किडनी प्रभावित, जांच में जुटीं एक्सपर्ट टीमें
कांग्रेस एक नई वेबसाइट शुरू करने जा रही है, जहां वोटर लिस्ट से नाम कटने पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस प्लेटफॉर्म के जरिए वे अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन भी कर पाएंगे। पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि वोटों की हेराफेरी रोकने का उनका यह अभियान पूरे देश में जारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष नहीं हो जाती और लोकतंत्र सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक उनका यह प्रयास थमेगा नहीं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
