अभिजीत दिपके का बड़ा दावा: 2029 में सत्ता से बाहर हो जाएगी बीजेपी

अभिजीत दिपके का बड़ा दावा: 2029 में सत्ता से बाहर हो जाएगी बीजेपी

कोच्चि। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। दिपके ने कहा कि 2029 में बीजेपी सत्ता से बाहर हो जाएगी। केरल के कोच्चि में ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ अभियान के तहत आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि देश के लोगों को केंद्र में सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार रहना चाहिए।

अभिजीत दिपके ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा होना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। अगर वह जाते हैं, तो नरेन्द्र मोदी भी सत्ता से बाहर हो जाएंगे।”

उन्होंने सवाल किया कि आखिर ज्ञानेश कुमार पीएम मोदी के लिए इतने ज़रूरी क्यों हैं? क्यों अभी तक ज्ञानेश कुमार को नहीं हटाया गया? उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए ज्ञानेश कुमार का हटना ज़रूरी है।

इतना ही नहीं अभिजीत दिपके ने कहा कि वह गिरफ्तारी और हमलों के बावजूद देशभर में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा जारी रखेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर लोगों के खान-पान, निजी संबंधों और मतदान के अधिकारों को नियंत्रित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

पिछले दिनों दिल्ली में सीजेपी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि वह जहां भी जाएंगे, तिरंगा लेकर जाएंगे। उन्होंने मोदी सरकार की तुलना ब्रिटिश शासन से करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लोगों की स्वतंत्रता सीमित करने की कोशिश कर रही है।

दिपके ने कहा, ‘‘इस तिरंगे को फहराने के लिए मुझे जेल भेज दिया गया। मेरे दो भाइयों सौरव और आशु को भी इसे फहराने के लिए जेल भेजा गया। भारत में ऐसा आखिरी बार तब हुआ था, जब हम अंग्रेजों के शासन के अधीन थे।’’

अभिजतत दिपके ने संविधान की महत्ता को बताते हुए कहा, “मैंने पहले भी कहा है, महात्मा गांधी भारत की आत्मा हैं, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भारत की रीढ़ हैं, और पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत का मस्तिष्क हैं।”


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।